वाराणसी: युवक ने पिता, बड़े भाई समेत तीन लोगों को घोंपा चाकू, सीने और पेट पर कई वार; तीनों ट्रामा सेंटर रेफर
आज शाम पिता से विवाद के दौरान सुभाष ने बड़े भाई नंदा पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे दीपक और सावन भी घायल हो गए। तीनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी सुभाष को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
वाराणसी के नगर पंचायत गंगापुर में सोमवार शाम पारिवारिक विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना हो गई। पिता से विवाद के बाद सुभाष यादव ने अपने बड़े भाई नंदा यादव और बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक यादव व सावन यादव पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी सुभाष यादव को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे गंगापुर निवासी कैलाश यादव महाराज बलवंत सिंह महाविद्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर पर बैठे थे। उनके साथ बेटे नंदा यादव भी मौजूद थे। इसी दौरान कैलाश यादव का सबसे छोटा बेटा सुभाष यादव वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर पिता से विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान सुभाष ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और पिता की ओर बढ़ा।
पिता को बचाने के लिए बड़े भाई नंदा यादव आगे आए और बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान सुभाष ने नंदा के पेट में चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। नंदा को बचाने के लिए उनके छोटे भाई बचाऊ यादव के बेटे दीपक यादव (22) और सावन यादव (20) भी आगे आए। आरोप है कि सुभाष ने उन दोनों पर भी चाकू से हमला कर दिया। तीनों को चोटें आईं।
ट्रामा सेंटर में चल रहा उपचार
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। नंदा यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पारिवारिक विवाद को लेकर चर्चा रही।
आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
बताया गया कि सुभाष यादव का किसी बात को लेकर अपने पिता से विवाद चल रहा था। नंदा यादव अपने पिता कैलाश यादव और भाई बचाऊ यादव के साथ रहते हैं, जबकि सुभाष अलग रहता था। हालांकि, विवाद की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने सुभाष को पकड़कर गंगापुर पुलिस चौकी पहुंचाया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।