वाराणसी: गंगा पुल से युवक ने नदी में लगाई छलांग, देर शाम तक नहीं मिला सुराग; पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
चौबेपुर क्षेत्र में सरसौल-बलुआ गंगा पुल से सोमवार दोपहर चंदौली निवासी सुशील कुमार चौबे उर्फ टिप्पू (42) ने गंगा में छलांग लगा दी। सूचना पर पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की। देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
चौबेपुर क्षेत्र के सरसौल-बलुआ गंगा पुल से सोमवार दोपहर एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। देर शाम तक काफी खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। उधर, घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चौबेपुर क्षेत्र के सरसौल-बलुआ गंगा पुल पर सोमवार दोपहर करीब एक बजे चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी सुशील कुमार चौबे उर्फ टिप्पू (42) पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और नदी में तलाश शुरू कराई।
सुशील कुमार चौबे चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र की मारूफपुर पुलिस चौकी अंतर्गत पट्टी गांव के निवासी हैं। वह स्वर्गीय राम अवतार चौबे के इकलौते पुत्र हैं। परिवार में उनकी मां गिरिजा देवी, पत्नी रिंकी चौबे, बेटा शिवम और बेटी पिक्कू हैं। उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है।
बलुआ घाट पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
घटना की जानकारी मिलने के बाद बलुआ घाट पर ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने गंगा में अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। परिजन भी घाट पर पहुंचकर सुशील के मिलने की उम्मीद लगाए रहे। हालांकि, देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गंगा में युवक के छलांग लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कराई जा रही है। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला था। पुलिस की निगरानी में खोज अभियान जारी रहा।