वाराणसी: हमले में घायल व्यक्ति की मौत, पुलिस पोस्टमार्टम हाउस से छोटे बेटे को ले गई पुलिस; आक्रोश व चक्काजाम
वाराणसी के पिसौर गांव में हमले में घायल राजेश पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने पिसौरी माता गेट के पास शव रखकर चक्काजाम किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि 65 घंटे बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ। छोटे बेटे को पुलिस द्वारा ले जाने पर भी सवाल उठाए।
विस्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर गांव में जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल राजेश पटेल (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल के आईसीयू में भर्ती राजेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पिसौरी माता गेट के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया। वे आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
परिजनों के मुताबिक, पिसौर गांव निवासी राजेश पटेल बुधवार रात खेत में सो रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला किया गया। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो राजेश गंभीर रूप से घायल मिले। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
राजेश की पत्नी अनीता पटेल ने बताया कि उनके पति रोजाना खेत में सोते थे, जबकि वह छोटे बेटे शिवम के साथ घर में रहती थीं। राजेश गांव में ही गाय-भैंस की खरीद-बिक्री का कारोबार करते थे। उनके दोनों बेटे भी इस कारोबार से जुड़े थे।
अज्ञात के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
मृतक के भाई सुरेंद्र कुमार पटेल ने 22 अक्तूबर को शिवपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, राजेश की पत्नी अनीता और बेटे शिवम ने उन्हें हमले की जानकारी दी थी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और 110 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। राजेश की मौत के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जानी है।
65 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी
राजेश की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात करीब 9:30 बजे पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर शिवपुर रेलवे स्टेशन से पिसौर जाने वाले मार्ग पर पिसौरी माता गेट के पास पहुंचे और चक्काजाम कर दिया।
मृतक के भाई दिनेश पटेल ने आरोप लगाया कि घटना के करीब 65 घंटे बीतने के बावजूद पुलिस आरोपी का पता नहीं लगा सकी है। परिजनों ने मांग की कि हमले में शामिल व्यक्ति की पहचान कर उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
छोटे बेटे को पुलिस द्वारा ले जाने पर भी सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक के छोटे बेटे शिवम पटेल (20) को पुलिस पोस्टमार्टम हाउस से अपने साथ ले गई। इसको लेकर भी परिवार ने नाराजगी जताई। हालांकि, शिवम को ले जाने के कारण के संबंध में पुलिस का पक्ष स्पष्ट नहीं हो सका।
राजेश छह भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी अनीता और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शुभम (22) बाहर रहता है, जबकि छोटा बेटा शिवम गांव में रहकर पिता के कारोबार में हाथ बंटाता था। राजेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।