वाराणसी: कॉम्प्लेक्स के लिफ्ट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धुएं से चार की तबीयत बिगड़ी; फायर ब्रिगेड टीम पहुंची
रामकटोरा रोड स्थित विराट कॉम्प्लेक्स में बृहस्पतिवार देर रात लिफ्ट के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पांच मंजिला इमारत में धुआं भरने से चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग बुझाकर लोगों को सुरक्षित निकाला। मंडलीय अस्पताल में उपचार के बाद चारों को छुट्टी दे दी गई।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
चेतगंज थाना क्षेत्र के रामकटोरा रोड स्थित विराट कॉम्प्लेक्स में बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे लिफ्ट के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पांच मंजिला कॉम्प्लेक्स में आग लगने के बाद धुआं भरने लगा, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और परिसर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। धुएं की चपेट में आने से चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर सभी को छुट्टी दे दी गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
विराट कॉम्प्लेक्स में करीब 42 फ्लैट हैं। कॉम्प्लेक्स के सचिव आशीष अग्रवाल ने बताया कि लिफ्ट के तार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। आग फैलने के साथ ही परिसर में धुआं भरने लगा। स्थिति को देखते हुए लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। परिसर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास भी किया गया।
फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर पाया काबू
आग लगने की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। इसके साथ ही कॉम्प्लेक्स में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। आग और धुएं के कारण परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। राहत की बात रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई।
धुएं से चार लोगों की बिगड़ी तबीयत
चेतगंज थाना प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि आग से निकले धुएं के कारण राजू गुजराती, आभा गुजराती और उनकी बहुओं समृद्धि व सृष्टि की तबीयत बिगड़ गई। चारों को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। हालत में सुधार होने पर चारों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह लिफ्ट के तार में शॉर्ट सर्किट होना बताया गया है। घटना के बाद कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा और अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सतर्कता बढ़ाने की जरूरत सामने आई है।