वाराणसी: नौ साल की बच्ची को ट्राईसाइकिल से लेकर भागा दिव्यांग, तलाश में जुटीं नौ टीमें; सीसीटीवी में दिखा
भेलूपुर थाना क्षेत्र में मानमंदिर के पास बुधवार सुबह नौ साल की बच्ची को ट्राईसाइकिल पर बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध बच्ची को ले जाता दिखाई दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है। बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए नौ टीमें लगाई गई हैं।
विस्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को नौ साल की बच्ची को ट्राईसाइकिल पर बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। मानमंदिर के पास हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज में एक दिव्यांग व्यक्ति बच्ची को ट्राईसाइकिल पर ले जाता दिखाई दे रहा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए नौ टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। बच्ची की मां नगवा इलाके में रहकर फूल-माला बेचने का काम करती है। बुधवार को करीब सुबह 11:45 बजे बच्ची आसपास मौजूद थी। इसी दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति वहां पहुंचा और बच्ची को अपनी ट्राईसाइकिल पर बैठाकर चला गया। कुछ समय बाद बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
घटना दुर्गाकुंड पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई। दिनदहाड़े बच्ची को ले जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक व्यक्ति बच्ची को ट्राईसाइकिल पर बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और बच्ची की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
नौ टीमों को सौंपी गई तलाश की जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की सकुशल बरामदगी और घटना का खुलासा करने के लिए नौ टीमें गठित की हैं। टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि बच्ची का पता लगाया जा सके।
परिजनों की तहरीर पर भेलूपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई है। बच्ची के लापता होने से परिवार परेशान है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द बच्ची को सुरक्षित बरामद किया जाए। फिलहाल संदिग्ध व्यक्ति और बच्ची की तलाश जारी है।