Varanasi News: बीएचयू अस्पताल में जांच रिपोर्ट के लिए उमड़ी भीड़, नोकझोंक हुई; भीड़ में पसीने बहा रहे तीमारदार
बीएचयू अस्पताल के सीसीआई लैब जांच काउंटर पर शनिवार दोपहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। रिपोर्ट लेने के लिए तीन लंबी कतारें लगीं। लाइन में आगे निकलने को लेकर लोगों में नोकझोंक भी हुई। भीड़ के कारण आयुर्वेद संकाय की ओपीडी जाने वाले रास्ते पर भी आवागमन प्रभावित रहा। सभी को रिपोर्ट देने का दावा किया गया।
विस्तार
बीएचयू अस्पताल के जांच काउंटर पर शनिवार दोपहर मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रिपोर्ट लेने के लिए तीन लंबी कतारें लगी रहीं। घंटों इंतजार के बीच लाइन में खड़े लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। भीड़ इतनी अधिक थी कि आयुर्वेद संकाय की ओपीडी की ओर जाने वाले रास्ते से लोगों को निकलने में भी परेशानी हुई।
अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों और विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों की खून की जांच की केंद्रीयकृत व्यवस्था सीसीआई लैब में है। शनिवार को करीब 12:30 बजे जांच रिपोर्ट लेने के लिए काउंटर पर बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार पहुंच गए। काउंटर से लगी लाइन सीसीआई लैब के किनारे स्थित चाय की दुकान तक पहुंच गई।
इसी दौरान दो लोग लाइन के किनारे से रिपोर्ट लेने के लिए काउंटर की ओर पहुंच गए। पहले से कतार में खड़े पुरुषों और महिलाओं ने इसका विरोध किया। इसको लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी। बाद में स्थिति संभाली गई। भीड़ के कारण काउंटर के आसपास काफी देर तक अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।
मरीजों और तीमारदारों का कहना था कि जांच रिपोर्ट लेने के लिए लंबी कतार में खड़ा होना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण बुजुर्ग और मरीज भी परेशान दिखे। अस्पताल परिसर में आने-जाने वाले अन्य लोगों को भी भीड़ के बीच से रास्ता बनाकर निकलना पड़ा।
सीसीआई लैब के प्रभारी प्रो. एसपी मिश्रा ने बताया कि काउंटर पर सभी कर्मचारियों को तत्काल रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी लगातार निगरानी भी की जाती है। जरूरत पड़ने पर रिपोर्ट वितरण के लिए अतिरिक्त काउंटर बढ़ाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को सभी मरीजों को उनकी रिपोर्ट उपलब्ध करा दी गई।