वाराणसी की क्राइम की खबरें: मीट मार्केट की छह दुकानों पर चला बुलडोजर, एसी उखाड़ कर फौजी के घर में घुसे चोर
Varanasi Crime News: वाराणसी जिले में कैंट के सदर बाजार की छह दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। उधर, मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवा गांव में फौजी के घर में चोरी हो गई। पढ़ें- क्राइम की अन्य खबरें
विस्तार
कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में शनिवार को मीट, मछली फ्राई की छह दुकानों पर छावनी परिषद का बुलडोजर चला। दुकानदार काफी विरोध में रहे लेकिन पुलिस की सख्ती के कारण आगे नहीं आए। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पांच दिन पहले दुकानों में शाॅर्ट सर्किट से लगी आग को देखते हुए की गई। सदर बाजार के इन दुकानों में आग सुरक्षा बचाव के कोई इंतजाम नहीं थे। दुकानों में न तो अग्निशमन यंत्र और न ही बिजली सुरक्षा के मानक थे।
अग्निकांड के बाद छावनी प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सदर बाजार स्थित चिकन फ्राई की दुकानों को असुरक्षित मानते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा की मौजूदगी में परिषद की टीम ने एक-एक कर सभी छह दुकानों को गिराया। उधर, छावनी के दुकानदारों ने बताया कि सभी दुकानें वर्षों से संचालित थीं। बिना नोटिस दिए छावनी प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।
छह अक्तूबर की सुबह शार्ट सर्किट से सदर मार्केट के इन छह दुकानों में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड और कैंट पुलिस ने आग पर काबू पाया था। अगलगी में छह दुकानों के साथ ही एक बाइक सर्विसिंग की दुकान में लगी आग से 11 दोपहिया वाहन भी जलकर नष्ट हो गए थे।
एसी उखाड़ कर फौजी के घर में घुसे चोर, नकदी और आभूषण चोरी
मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवा गांव में शुक्रवार रात फौजी के घर में चोरी हो गई। बंद मकान में विंडो एसी उखाड़ कर घुसे चोरों ने नकदी और आभूषण पर हाथ साफ किया। एस नाथ उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह सपरिवार रोहनिया में रहते है, लेकिन परिवार के सदस्यों का अकसर खोचवा में आनाजाना रहता है।
आर्मी में जवान बेटा उमेश उपाध्याय घर पहुंचा तो देखा कि खिड़की में लगा एसी जमीन पर गिरा हुआ है और खिड़की टूटी थी। चोरों ने 10 हजार नकदी और आभूषण पर हाथ साफ किया है। फॉरेंसिक टीम ने जांच की। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
20 किलो सोना पापड़ी जब्त, 10 किलो पनीर कराए नष्ट
खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार को भी 20 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 10 जगहों पर छापा मारा। सोन पापड़ी, रिफाइंड, छेना मिठाई, पनीर, दही, लड्डू, पोहा, सूजी के 12 नमूने जांच के लिए भेजे। 10 किलो पनीर नष्ट कराया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय/अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई की।
ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत
पंचक्रोशी रेलवे क्राॅसिंग के पास शनिवार की रात लगभग 8 बजे सारनाथ से वाराणसी सिटी स्टेशन की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
पार्किंग को लेकर निजी अस्पताल संचालक और पड़ोसी में नोकझोंक
आशापुर पहड़िया मार्ग पर निजी अस्पताल के सामने शनिवार की रात सड़क पर वाहनों की पार्किंग को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। अस्पताल और पड़ोसियों में नोकझोंक भी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
रन फॉर सुरक्षा में दौड़े प्रतिभागी
मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस की ओर से शनिवार शाम रन फॉर सुरक्षा कार्यक्रम हुआ। शुरुआत विजयांता पार्क से हुई। जिसे अपर पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) नीतू कात्यायन ने हरी झंडी दिखाई। समापन नेहरू पार्क के पास हुआ।
एसीपी कैंट नितिन तनेजा, प्रभारी निरीक्षक कैंट शिवाकांत मिश्रा के अलावा लोगों ने भाग लिया। 200 मीटर दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रिया यादव ने प्रथम, संध्या कुमारी ने द्वितीय, माही मिश्रा ने तृतीय और नीरज भारद्वाज ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। विजेता को एडीसीपी नीतू ने पुरस्कृत किया। बालिकाओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा से जुड़े सुझाव दिए गए।
छह बसों का चालान, 12 हजार का जुर्माना
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा चौराहे पर ट्रैफिक नियमों के अनुपालन करने के लिए शनिवार को एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बसों के खिलाफ अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन करने वाली छह बसों का चालान किया गया। 12 हजार का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने बस चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़कों पर पार्किंग न करने की सख्त चेतावनी दी।
महिला दर्शनार्थी से चेन स्नेचिंग का आरोपी गिरफ्तार
महिला से चेन स्नेचिंग के आरोपी शोभित डे उर्फ हर्ष को दशाश्वमेध पुलिस ने शनिवार को सामने घाट के जजेज गेस्ट हाउस के पस से गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटी गई चेन को बेचने के बाद मिले 13110 रुपये बरामद हुए। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी खालिसपुरा दशाश्वमेध और वर्तमान में भेलूपुर के बजरडीहा में रहता है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि नौ सितंबर को भोर में बंगाली टोला गली में वृद्धा दर्शनार्थी की चेन स्नेचिंग की थी। 14 सितंबर की रात बंगाली टोला गली में राजेश पान की दुकान के पास दक्षिण भारतीय दर्शनार्थी की चेन छीनकर भाग निकला था। भदोही में चेन को लाकेट सहित एक व्यक्ति को अपनी समस्या का बहाना बनाकर 25 हजार रुपये में बेच दियाथा। बाकी पैसे शौक पर खर्च किए थे।
धर्मायन मोबाइल एप के खिलाफ जांच की मांग, फर्जीवाड़े का आरोप
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से धर्मायन नामक मोबाइल एप के खिलाफ साइबर जांच की मांग की गई है। मंदिर प्रशासन ने चौक थाने में शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि यह एप लोगों को गुमराह कर धार्मिक भावनाओं के साथ खिलावाड़ कर रहा है। नायब तहसीलदार मिनी एल शेखर के पत्र में उल्लेख किया गया है कि ‘धर्मायन’ एप गूगल प्ले स्टोर और अन्य प्लेटफॉर्मों पर है। जो धार्मिक जानकारी, पंचांग और पूजा विधि जैसी सेवाएं देने का दावा करता है, लेकिन इसकी विश्वसनीयता संदिग्ध है।
यह एप स्वयं को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर या अन्य प्रतिष्ठित धार्मिक संस्थाओं से जुड़ा बताता है, जबकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। एप पर दी गई कई जानकारियां असत्य और भ्रामक हैं, जो धर्म के नाम पर अंधविश्वास फैलाने जैसी हैं। एप से लोगों से दान, सहयोग या अन्य सेवाओं के नाम पर धनराशि मांगी जा रही है, जिसकी वैधता स्पष्ट नहीं है। आशंका व्यक्त की गई है कि यह एप उपयोगकर्ताओं का व्यक्तिगत डेटा अवैध रूप से एकत्र कर सकता है। थाना चौक प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।
महिलाओं पर फब्तियां कसने के आरोपी नीरज पटेल को पुलिस ने शुक्रवार रात सिसवां फल मंडी के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी फूलपुर थानाक्षेत्र के अहीराबीर गांव निवासी है। संवाद थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
बिना नक्शा होटल निर्माण कर रहे कॉलोनाइजर पर मुकदमा
वीडीए की टीम ने शनिवार को अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। बिना नक्शा पास कराए होटल निर्माण करा रहे एक कॉलोनाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि कॉलोनाइजर अमित सिंह की ओर से स्वीकृत मानचित्र के बिना होटल निर्माण कार्य किया गया था। अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने निरीक्षण किया। पाया गया कि संबंधित व्यक्ति नियमों की अवहेलना कर होटल निर्माण करवा रहा है। अभिलेखीय जांच की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि होटल का स्वीकृत नक्शा मालिक ने प्रस्तुत नहीं किया। होटल मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और अवैध प्लॉटिंग, होटल की तलाश की जा रही है। निर्देशित किया गया है कि निश्चित अवधि में स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत करें, अन्यथा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।
छात्रा की मौत की न्यायिक जांच की मांग
बीएचयू महिला महाविद्यालय की छात्रा की चार दिन पहले हुई मौत के मामले में एससी, एसटी संघर्ष समिति के बैनर तले पदाधिकारियों ने न्यायिक जांच की मांग की है। कुलपति और कुलसचिव को ज्ञापन देकर कठोर कार्रवाई की मांग की। केंद्रीय कार्यालय पहुंचे पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में प्रदर्शन भी किया। कहा कि न्यायिक जांच के बाद जो भी दोषी हो, उस पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान शिक्षिका और छात्र के बीच विवाद में जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। शनिवार को छात्रों ने शिक्षिका के विरोध में धरना भी दिया। कुलपति के आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया। शनिवार सुबह शिक्षिका से मारपीट के विरोध में छात्रों का दल केंद्रीय कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया। कुछ देर में जब कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा पहुंचे तो उन्होंने छात्रों से धरने पर बैठने का कारण पूछा। छात्रों ने पूरी बात बताई। कुलपति ने कहा कि धरने पर बैठने की जरूरत नहीं थी। आप सीधे मेरे पास आ सकते थे। विवाद में जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। दो से तीन दिन में जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट दे देगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्र वापस लौट गए। 8 अक्तूबर को दीक्षांत समारोह खत्म होने के बाद संगीत शिक्षिका और एक छात्र के बीच विवाद हो गया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
डीसीएम ने कार में मारी टक्कर, चालक घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड के पास शनिवार को डीसीएम ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक घायल हो गया। सड़क बनाने वाली कंपनी से डीसीएम मिला। चितईपुर कंदवा निवासी सौरभ सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अल्लोपुर जा रहे थे, जैसे ही रिंग रोड के पास पहुंचे राजस्थान नंबर की डीसीएम ने टक्कर मार दी। वह घायल हो गए और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। पीछा करते हुए चोलापुर की तरफ पहुंचे तो डीसीएम चालक कंस्ट्रक्शन साइट पर डीसीएम खड़ी कर भाग निकला। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि जांच की जा रही है।
दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला व पुरुष घायल
सारनाथ थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव के सामने रिंग रोड पर शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए। दोनों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव पर किया गया। सारनाथ के पतेरवां निवासी श्रेयांशी स्कूटी से मायके रुस्तमपुर जा रही थी। फरीदपुर गांव के सामने चारपहिया वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में श्रेयांशी घायल हो गई। लोगों ने पीएचसी चिरईगांव में उसे भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। इसी मार्ग पर रुस्तमपुर निवासी संतोष राजभर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वह भी घायल हो गए, जिनका उपचार चिरईगांव पीएचसी पर किया गया।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के सातो महुआ गांव के पास पटाखा गोदाम में शनिवार को पुलिस ने छापा मारा। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल के नेतृत्व में 5000 किलो के भंडारण के लाइसेंस पर 9147 किलो पटाखा मिला। डीसीपी ने बताया कि सर सैय्यद पब्लिक स्कूल के पास बनारस फायर वर्क्स के गोदाम पर कार्रवाई हुई। गोदाम चौक थाना क्षेत्र निवासी शेख मोहम्मद सलमान का है। गोदाम में आग से बचाव के यंत्रों सहित अन्य सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी पाई गई। बड़ागांव पुलिस ने लाइसेंस धारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गोदाम को सील कर दिया है।
हरहुआ ओवर ब्रिज पर हादसा, युवक घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ ओवरब्रिज पर शनिवार दोपहर कार और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। कार बीएचयू से बाबतपुर एयरपोर्ट जा रही थी। रास्ते में बच्चे को उल्टी आने पर चालक ने कार को साइड में खड़ा किया, तभी तेज रफ्तार स्कूटी सवार दीपक पांडेय (21), निवासी दल्लीपुर कार से टकरा गया। वह इंटरव्यू देकर लौट रहा था। उसके पैर में गंभीर चोट आई। लोगों ने एंबुलेंस से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ भेजा। जहां से पंडित दीनदयाल अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बड़ागांव थाना अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
ईंट का बकाया पैसा मांगने पर पिटाई और धमकी के मामले में पुलिस ने दो के खिलाफ केस दर्ज किया। चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के डबरिया निवासी पीड़ित लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को बताया कि बड़े भाई संतोष सिंह वीडीए कॉलोनी चांदमारी में रहते हैं। 10 अक्तूबर की शाम संतोष और अनिरुद्ध सिंह के घर ईंट का पैसा मांगने पहुंचा तो गालीगलौज कर उनकी पिटाई की गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जमीन विवाद में मारपीट, वृद्धा घायल
कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर में शुक्रवार दोपहर जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें 85 साल की वृद्धा घायल हो गईं। पीड़ित ने शुक्रवार रात केस दर्ज कराया। टकटकपुर निवासी कांताश्री ने पुलिस को बताया कि छोटे भाई कन्हैया, पुत्र अजीत, सुजीत और पत्नी शिवकुमारी, जो वर्तमान में अनौला (कैंट) में रहते हैं। सभी घर पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद किया। बीचबचाव में आई मां की पिटाई की। पिता के निधन के बाद से वह मां की देखभाल कर रहे हैं। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सीडीओ ने 4 अधिकारियों का वेतन रोका
जिला पोषण समिति की बैठक सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन में हुई। उन्होंने पोषण ट्रैकर और कन्वर्जेंस विभाग के कार्यों की समीक्षा की। फेस ऑथेंटिकेशन में बच्चों की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई और संबंधित चार अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। दो साल से बाल विकास परियोजना आराजी लाइन, हरहुआ और सेवापुरी में केंद्रों, शौचालय, नल से जल आदि परियोजनाओं को पूरा नहीं करने पर संबंधित ब्लाॅकों के बीडीओ और बाल विकास परियोजना अधिकारी वेतन रोके गए। बड़ागांव, चोलापुर और हरहुआ में भी कार्य पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई।
208 बीट पुलिसकर्मियों ने 102 स्थानों पर महिलाओं को किया जागरूक
यातायात लाइन में बड़े शिक्षण संस्थान, चिकित्सालय, इंडिस्ट्रियल, महिला छात्रावासों के प्रबंधक, व्यापार मंडल से 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उधर, मिशन शक्ति (फेज-5.0) के द्वितीय चरण में 208 बीट पुलिस कर्मियों की ओर से 102 स्थानों पर कार्यक्रम हुए। 3159 महिलाओं, बालिकाओं को सरकारी जन कल्याणकारी योजनाओं व हेल्प लाइनों से संबंधित जानकारी दी गई। 3086 प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित कर जागरूक किया गया। 40 प्रार्थना-पत्र पर कार्रवाई कर 6 का चालान, 13 मुकदमे दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एडीसीपी महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि 202 स्थानों पर चेकिंग की गई। 1797 व्यक्तियों को चेतावनी देते हुए 37 का चालान, 8 मुकदमों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 174 स्थानों पर चेकिंग के दौरान 888 वाहनों का चालान हुआ। 50 वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई। 14 वाहनों से हूटर, 132 वाहनों से बत्ती हटवाई गई। 60 वाहनों पर लिखे शासकीय व जाति सूचक शब्द हटाए गए। 16 वाहनों को सीज किया गया। 573 वाहन स्वामी को चेतावनी दी गई। 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।