गैस किल्लत: वाराणसी में सिलिंडर के लिए सिस्टम से जंग, बुकिंग के 15 दिन बाद भी नहीं मिल रहा
Varanasi News: वाराणसी जिले में 5255 कॉमर्शियल गैस उपभोक्ता हैं। वहीं 10 हजार से ज्यादा स्ट्रीट वेंडर्स हैं। यहां महज 10 फीसदी कोयले का प्रयोग कर रहे हैं।
विस्तार
वाराणसी जिले में गैस किल्लत के बीच सिलिंडरों की कालाबाजारी सामने आई है। जिले में कुल 5255 कॉमर्शियल गैस के उपभोक्ता हैं, जबकि 10 हजार से अधिक शहर में स्ट्रीट वेंडर्स हैं। महज 10 फीसदी कोयले का प्रयोग कर रहे हैं। कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की कम संख्या और बड़ी संख्या में गैस सिलिंडरों की खपत के कारण कालाबाजारी हो रही है। स्ट्रीट वेंडर्स ब्लैक में काम चला रहे हैं।
कई जगहों पर ट्रॉली तो कहीं गैस एजेंसियों की मिलीभगत से गैस सिलिंडर को ब्लैक में बेचने की जानकारी सामने आ रही है। बुकिंग से लेकर डीएसी कोड और सर्वर की समस्या की वजह से रोज नोकझोंक हो रही है। सबसे ज्यादा समस्या शादियों वाले घरों में है, जिन्हें मेहमानों के भोजन के लिए सिलिंडर की जरूरत है। एजेंसियों से कॉमर्शियल सिलिंडर महंगे मिल रहे हैं।
डीएसी कोड आने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर
भदऊचुंगी में राजघाट गैस एजेंसी और वीआरके गैस एजेंसी की ओर से बुकिंग के नाम पर रोज उपभोक्ताओं को दौड़ाया जा रहा है। आरोप है कि छह अंकों का डीएसी कोड आने के बाद भी सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। उपभोक्ता से एजेंसी संचालक या ट्रॉली मैन फोन कर गैस डिलीवरी की बात कर डीएसी कोड ले रहे हैं, लेकिन गैस नहीं दे रहे हैं। पासबुक पर बुक सिलिंडर को ब्लैक में बेच दिया जा रहा है।
भदऊचुंगी में वीआरके गैस एजेंसी के खिलाफ आदमपुर थाने में शिकायत भी की गई है। वहीं राजघाट गैस एजेंसी की ओर से ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग नहीं ली जा रही है। कुछ एजेंसियों की शिकायतें मिली हैं। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -अमित कुमार मालवीय, एडीएम सप्लाई
केस -1
मिल्कोपुर निवासी प्रमोद चौहान के घर में शादी है। 15 दिन पहले गैस सिलिंडर बुक कराया था। 10 दिन में डिलीवरी की बात कही गई थी, लेकिन अब तक नहीं मिला। उन्होंने गौरा कला के सुमन भारत गैस एजेंसी पर शिकायत की तो मैनेजर ने तीन दिन बाद सिलिंडर देने की बात की। कहा कि तत्काल आवश्यकता है तो 2800 रुपये में सिलिंडर दिया जाएगा।
केस -2
चिरईगांव के श्यामसुंदर चौहान ने बहन की शादी के लिए पंद्रह दिन पहले तीन सिलिंडर बुक कराए थे, लेकिन अब तक आपूर्ति नहीं की गई। गैस एजेंसी से बार-बार यह कहकर वापस किया जा रहा है कि जल्द ही व्यवस्था कराई जाएगी। श्यामसुंदर को समझ नहीं आ रहा मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था कैसे करें।
