वाराणसी शहर का हाल: तीन जगह आधी, दो जगह चौथाई बनाकर छोड़ीं सड़कें, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताई ये वजह
Varanasi News: वाराणसी शहर में कई इलाकों में सड़क निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा है। इमें तीन जगह आधी तो दो जगह चौथाई सड़कें बनाकर छोड़ दी गई हैं।
विस्तार
शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। तीन जगह आधी अधूरी तो दो स्थानों पर चौथाई सड़क बनाकर छोड़ दी गई है। इसके चलते वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रवींद्रपुरी में पद्मश्री के पास, मंडुवाडीह, सिगरा में आधी और सिद्धगिरीबाग, सोनिया पर चौथाई सड़क बनाकर छोड़ी गई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह पुलिस लाइन से ताज होटल, लहरतारा से रविदास घाट तक सड़क की मरम्मत कराई गई है। इसके निर्माण भी अधूरे हैं।
नदेसर पर धंसी सड़क, पीडब्ल्यूडी ने भरवाया गड्ढा
नदेसर पर इमलाक काॅलोनी के समीप सड़क पर एक तरफ सड़क धंस गई है। इसके चारों ओर पुलिस ने बैरिकेडिंग कराई ताकि कोई दुर्घटना न होने पाए। इसी सड़क से आए दिन वीआईपी गुजरते हैं।
खोदाई की वजह से खराब हो रहीं सड़कें
पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि शहर की सड़कों को अनुमति के बाद ही खोदने का नियम है। काम कराने के बहाने मनमाने तरीके से सड़कों की खोदाई का सिलसिला जारी है। ऐसे में धूल और कीचड़ से सनी खस्ताहाल सड़कों पर फिर से मरम्मत का लेपन किया जा रहा है। कई एजेंसियों की ओर से मुख्य मार्गों, कॉलोनियों की सड़कों और गलियों तक को खोद कर छोड़ दिया गया था जिसकी पैचिंग देर से कराई गई।
पाइप लाइन बिछाने के लिए नदेसर, सिगरा, रथयात्रा, तेलियाबाग और फातमान रोड सहित कई इलाकों में काम कराया जा रहा है। भूमिगत बिजली की केबिल बिछाने के लिए कैंट से भेलूपुर, लहुराबीर से मैदागिन, नई सड़क, लक्सा, लंका, सुंदरपुर-डीरेका समेत कई प्रमुख मार्ग और गलियों को खोद दिया गया।
वहीं, पेजयल और सीवेज पाइप लाइन बिछाने के लिए जल निगम की ओर से पहड़िया-बेला मार्ग और चौकाघाट सहित कई इलाकों में काम कराया जा रहा है। अभी तक खोदे गए गड्ढों को पाटकर सड़क बनाने का काम नहीं शुरू किया गया है।
क्या बोले अधिकारी
नदेसर पर सड़क धंसी थी जो ठीक करा दी गई है। जहां-जहां सड़क अधूरी है उसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा। केके सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी