वाराणसी: सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन और महामंत्री बने अश्वनी राय, परिणाम आते ही झूम उठे समर्थक
सुबह आठ बजे से सेंट्रल बार सभागार में शुरू हुई मतगणना का परिणाम देर शाम आते ही निर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और ढोल नगाड़े की थाप पर झूमने लगे।
विस्तार
दी सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में शुक्रवार को अध्यक्ष पद पर मोहन यादव और महामंत्री पद पर अश्वनी राय निर्वाचित हुए। देर शाम आए परिणाम में अध्यक्ष मोहन यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रभुनारायण पांडेय को 1138 मतों से हराया। वहीं, महामंत्री अश्वनी राय ने 1352 मत पाकर नजदीकी प्रतिद्वंदी शशिकांत दुबे को 408 मतों से पराजित किया।
सुबह आठ बजे से सेंट्रल बार सभागार में शुरू हुई मतगणना का परिणाम देर शाम आते ही निर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और ढोल नगाड़े की थाप पर झूमने लगे। समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को फूल मालाओं से से लाद दिया। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शिवानंद पांडेय के अनुसार मोहन यादव 1756 मत पाकर अध्यक्ष निर्वाचित हुए, नजदीकी प्रतिद्वंद्वी प्रभुनारायन पांडेय को 1138 मत प्राप्त हुए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर उदयनाथ शर्मा ने 1140 मत पाकर नजदीकी गिरिजेश यादव को 356 मतों के अंतर से पराजित किया। जबकि महामंत्री पद पर अश्वनी राय ने 1352 मत पाकर नजदीकी शशिकांत दूबे को 408 मत से पराजित किया। इसके अलावा कनिष्ठ उपाध्यक्ष 10 वर्ष से अधिक के दो पद पर अवधेश सिंह 1218, सुनील चौहान 801 मत पाकर निर्वाचित हुए।
इस पद पर मात्र तीन मत के अंतर से अंजनी श्रीवास्तव चूक गए। उपाध्यक्ष 10 वर्ष से कम के दो पद पर देवेंद्र सिंह परमार 1527 व मिथिलेश श्रीवास्तव 1079 मत पाकर निर्वाचित हुए। संयुक्त मंत्री प्रशासन पर विद्यापति मिश्र 1018 मत ने नजदीकी कल्पना पटेल 814 मत को 204 मत से पराजित किया।
संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पर अमृता सिंह 1988 मत पाकर, संयुक्त मंत्री प्रकाशन मनोज वर्मा 2351 मत, कोषाध्यक्ष पर अमित श्रीवास्तव 1317 मत पाकर और आय व्यय निरीक्षक अजीत गुप्त 2146 मत पाकर अपने नजदीकियों को हराया। इसके अलावा 15 वर्ष से अधिक के छह पदों पर बबिता सिंह, अनुराग मौर्य, आनंद चतुर्वेदी, आशुतोष रघुवंशी, बृजेश मिश्र व राजेश पांडेय और प्रबंध समिति 15 वर्ष से कम वकालत के छह पद पर अभिषेक मिश्र, अभिषेक द्विवेदी, अंबरीष सिंह, अंजनी सिंह, अजीत जायसवाल और संजय पांडेय सर्वाधिक मत पाकर निर्वाचित हुए।
एल्डर्स कमेटी के सदस्यों सुरेश श्रीवास्तव, बच्चन सिंह, मुजहिरुल हक, जेपी सिंह समेत पर्यवेक्षकों, सेंट्रल बार के निवर्तमान अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, महामंत्री कन्हैयालाल पटेल व पदाधिकारियों ने निर्वाचित पदाधिकारियों का संछिप्त समारोह में स्वागत किया। निर्वाचित पदाधिकारियों को रामजनम सिंह, अशोक सिंह, शशिकांत राय चुन्ना, शंभूशरण चौरसिया, अनुज यादव, उमाकांत यादव, डीएन यादव, अजय त्रिवेदी, गंगेश्वर मिश्र, गुलाब दास, गोविंद पाल आदि ने बधाई दी।
अधिवक्ता हित सर्वोपरि, इसके लिए लड़ाई लड़ूंगा, बार की गरिमा कायम रखना, बार बेंच में सामंजस्य और जरूरत पर ही हड़ताल हमारी प्राथमिकता में होगी। - मोहन यादव, निर्वाचित अध्यक्ष, सेंट्रल बार एसोसिएशन
यह जीत अधिवक्ताओं को समर्पित है। अधिवक्ताओं का मान सम्मान और बार की गरिमा बढ़े और सामंजस्य बनाकर गरिमामयी तरीके से कार्य करना प्राथमिता है। - अश्वनी राय, महामंत्री, सेंट्रल बार एसोसिएशन
वरिष्ठों से परामर्श और सहयोग लेकर बार की गरिमा कायम रखने के साथ क्लीन बार और क्लीन कोर्ट परिसर पर काम होगा। युवाओं को बार में सम्मान दिलाना प्राथमिकता होगी। - विद्यापति मिश्र, संयुक्त मंत्री प्रशासन