वाराणसी: बर्तन का रेट पूछने के बहाने पीतल का गगरा चुराया, सीसीटीवी में कैद
हरहुआ के कोईराजपुर में रविवार दोपहर बर्तन की दुकान पर ग्राहक बनकर आया युवक पीतल का गगरा लेकर फरार हो गया। युवक बिना नंबर की बाइक से पहुंचा था। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है।
विस्तार
हरहुआ के कोईराजपुर में पिलर नंबर 60 के पास रविवार दोपहर बर्तन की दुकान पर ग्राहक बनकर आया युवक पीतल का गगरा लेकर फरार हो गया। घटना दोपहर करीब 12:18 बजे की है। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार अनिकेत सोनी ने हरहुआ पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दुकानदार के अनुसार, बिना नंबर की बाइक से एक युवक दुकान पर पहुंचा और बर्तनों का रेट पूछने लगा। इसके बाद उसने दुकान के मालिक को बुलाने की बात कही। इसी दौरान दुकानदार दूसरे ग्राहक को सामान देने में व्यस्त हो गया। मौका पाकर युवक पीतल का गगरा उठाकर वहां से फरार हो गया।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक की तस्वीर और चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है। दुकानदार ने फुटेज के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि चोरी करने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।