वाराणसी: एडीसीपी नीतू कादयान का गौतमबुद्धनगर तबादला, सोनभद्र और आजमगढ़ में भी बदले पुलिस अधिकारी
उत्तर प्रदेश में पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। वाराणसी की एडीसीपी नीतू कादयान को गौतमबुद्धनगर भेजा गया है। सोनभद्र के अनुप कुमार और माविस टॉक समेत आजमगढ़ के कई अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी दो अलग-अलग तबादला आदेशों में कुल 28 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इनमें वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में तैनात अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) नीतू कादयान का भी तबादला शामिल है। उन्हें गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सोनभद्र, आजमगढ़ और मऊ समेत कई जिलों के अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है।
दो आदेशों में 28 अधिकारियों के तबादले
जारी आदेशों के अनुसार, पहले आदेश में 10 और दूसरे आदेश में 18 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस तरह कुल 28 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वाराणसी की नीतू कादयान गौतमबुद्धनगर भेजीं गईं
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी नीतू कादयान को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वह आईपीएस आरआर-2020 बैच की अधिकारी हैं।
सोनभद्र और मऊ में भी बदले अधिकारी
सोनभद्र में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार को मऊ से सोनभद्र भेजा गया है। वहीं, सोनभद्र में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात माविस टॉक को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
आजमगढ़ में भी नई तैनाती
आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के पद पर तैनात अरुण कुमार सिंह को इसी पद पर नई तैनाती दी गई है। वहीं, आजमगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव का तबादला मऊ कर दिया गया है। मुरादाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह को आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनाया गया है।
तबादला सूची में अन्य जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। सभी अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
