वाराणसी: नौ दिन में 5.43 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 22 नवंबर से शुरू होगा अभियान; 1270 बूथ बने
वाराणसी में 22 से 30 नवंबर तक पोलियो अभियान चलाकर पांच साल तक के 5,43,549 बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए 1270 बूथ, 1270 घर-घर टीमें, 34 ट्रांजिट और 38 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने अभियान में कोई बच्चा छूटने न देने के निर्देश दिए।
विस्तार
वाराणसी जिले में पांच साल तक के 5,43,549 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए 22 नवंबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले में सरकारी विद्यालयों सहित कुल 1270 बूथ बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में सीएमओ डॉ. एनपी सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर सफल संचालन के लिए जरूरी निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि पोलियो अभियान की महत्ता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में इस वर्ष भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। वाराणसी प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल होने के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अभियान में कोई भी बच्चा खुराक पीने से छूटने न पाए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।
तैयारियां तेज
उन्होंने निर्देश दिया कि 22 नवंबर को रविवार होने के बावजूद सभी विद्यालय खुले रहेंगे। बच्चों को बूथ तक लाने के लिए बुलावा टोली बनाई जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को बूथ दिवस पर ही पोलियो की खुराक पिलाई जा सके। सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित किए जाएंगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि अभियान के पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 30 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए 1270 घर-घर भ्रमण टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 34 ट्रांजिट और 38 मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी।
बैठक में यूनिसेफ के डीएचसी आलोक कुमार राय, जेएसआई से डॉ. शाहिद, संदीप श्रीवास्तव सहित जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
