कमरे में मिली यूरोलॉजिस्ट की लाश: हेरिटेज मेडिकल कॉलेज थे तैनात, डॉक्टर आवास पर पहुंची पुलिस; फॉरेंसिक जांच
हेरिटेज मेडिकल कॉलेज भदवर के यूरोलॉजिस्ट डॉ. गौतम शुभंकर की डॉक्टर आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे से सिरिंज और एनेस्थीसिया की खाली शीशी मिली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
विस्तार
हेरिटेज मेडिकल कॉलेज भदवर में तैनात यूरोलॉजिस्ट डॉ. गौतम शुभंकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह बिहार के पटना स्थित कंकड़बाग के रोहनिया निवासी थे और मेडिकल कॉलेज परिसर में बने डॉक्टर आवास के आठवें तल पर कमरा नंबर 802 में रहते थे। शुक्रवार शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने आवास पर चले गए थे।
शनिवार शाम तक ड्यूटी पर अस्पताल नहीं पहुंचने पर साथ काम करने वाले डॉक्टरों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। फोन स्विच ऑफ मिलने पर सहकर्मी उनके आवास पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सिक्योरिटी गार्ड ने भी आवाज देकर और दरवाजा खटखटाकर डॉक्टर को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। वहां डॉ. गौतम शुभंकर बेड पर मृत अवस्था में मिले। कमरे में उनके पास इंजेक्शन की सिरिंज और एनेस्थीसिया की दवा की खाली शीशी भी मिली। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए लोगों ने आशंका जताई कि डॉक्टर ने दवा की ओवरडोज लेकर जान दी होगी। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। कमरे में मिली दवाओं और अन्य वस्तुओं की भी जांच कराई जा रही है। साथ ही डॉक्टर की मौत से जुड़े परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।