UPTET: गणित के समीकरण, सामाजिक अध्ययन के सवालों ने फंसाया; वाराणसी में 80 फीसदी से अधिक रही उपस्थिति
Varanasi News: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को लेकर जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।
विस्तार
UPTET: चार साल बाद उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2026 की तीन दिवसीय परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हुई। इस परीक्षा के लिए जिले में 68 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें तीन दिनों में 160379 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बृहस्पतिवार को दोनों पालियों में कुल 66278 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। हालांकि, इसमें उपस्थिति 80 फीसदी से ज्यादा रही। अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित और सामाजिक अध्ययन के सवालों ने परेशान किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि यूपी टीईटी की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को होगी। पहले दिन प्रत्येक पाली में 33139 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकृत थे। पहली पाली की परीक्षा में 5360 और दूसरी पाली में 5340 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम था। कोई भी अभ्यर्थी नकल करते नहीं पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्रत्येक पाली में 33140 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। पुलिस की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी।
पेपर मध्यम दर्जे का था। हालांकि, तैयारी पूरी थी इसलिए कोई सवाल बहुत कठिन नहीं लगा। गणित के सवाल थोड़े कठिन थे। - अर्पिता, बक्सर
पेपर आसान था। गणित के सवाल थोड़े कठिन आए थे। सवालों को हल करने में समय लग गया। पेपर अच्छा हुआ है। - रोशनी कुमारी, गाजीपुर
पिछली बार की अपेक्षा इस बार का पेपर मध्यम दर्जे का था। गणित और सामाजिक अध्ययन के सवाल कठिन लगे इसलिए हल करने में समय लगा। - शिवानी, जौनपुर
पेपर लैंदी था हल करने में समय लगा। पेपर अच्छा हुआ है। गणित के कुछ सवाल उलझाऊ थे। बाकी पेपर आसान था। - कंचन कुसुम, बिहार