UP Politics: अजय राय की पत्नी बोलीं- मेरे पति पर कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा, आवाज दबाया जा रहा
Varanasi News: वाराणसी में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को राजनीतिक प्रतिशोध बताया। पत्नी रीना ने कहा कि महोबा की दलित छात्रा को न्याय दिलाने की आवाज दबाने के लिए सरकार कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को जिला मुख्यालय घेराव की घोषणा की।
विस्तार
UP Politics: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने कहा कि उनके पति के खिलाफ की जा रही कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। रविवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चाैबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल भी मौजूद रहे।
रीना राय ने कहा कि महोबा की दलित छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को दबाने के लिए सरकार कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अजय राय के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और कथित एआई जनरेटेड वीडियो के जरिए उनके खिलाफ माहौल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अजय राय स्वयं महोबा जाकर पीड़ित छात्रा और उसके परिवार से मिले थे तथा उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।
सियासी तंज भी किया
रीना राय ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों को अजय राय लगातार प्रमुखता से उठाते रहे हैं। यही वजह है कि सरकार उनसे असहज महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि अजय राय हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों और वंचित समाज की आवाज बनकर संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने महोबा प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की। नेताओं ने कहा कि दोषियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।
नेताओं ने घोषणा की कि महोबा की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी न्याय की लड़ाई को लगातार आगे बढ़ाएगी और सरकार के दबाव में पीछे नहीं हटेगी।