UP Nikay Chunav 2023: वाराणसी में मेयर के 11 प्रत्याशियों के बीच होगा मुकाबला, पार्षद पद के 636 प्रत्याशी डटे
नाम वापसी की औपचारिकता पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने वाराणसी नगर निगम और नगर पंचायत गंगापुर के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। सबके नाम नामांकन कक्ष के बाहर चस्पा कर दिए गए हैं।
विस्तार
वाराणसी नगर निगम में मेयर पद के 11 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। इनमें छह निर्दलीय शामिल हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने वाले किसी प्रत्याशी ने गुरुवार को अपना नाम वापस नहीं लिया। इसी तरह 100 वार्डों से पार्षद पद के 636 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। नामांकन कराने वाले 54 प्रत्याशी चुनाव मैदान से हट गए हैं। इससे पहले 690 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था।
नाम वापसी की औपचारिकता पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने वाराणसी नगर निगम और नगर पंचायत गंगापुर के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। सबके नाम नामांकन कक्ष के बाहर चस्पा कर दिए गए हैं। गंगापुर नगर पंचायत से अध्यक्ष और सभासद पद के किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है।
अब चुनाव प्रचार पकड़ेगा रफ्तार
इस क्षेत्र से अध्यक्ष पद के चार और सभासद पद के 30 प्रत्याशी चुनावी ताल ठोंकेंगे। अब शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, फिर प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार तेज होगा। वाराणसी में पहले चरण के दौरान चार मई को वोट डाले जाने हैं। 13 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: माफिया मुख्तार की पत्नी की तलाश में गाजीपुर पहुंची मऊ पुलिस, सांसद अफजाल ने ये बताया
वार्डों में मान-मनौव्वल और समझौते का दौर चला
नाम वापसी के लिए वार्डों में मान-मनौव्वल चलता रहा। जिन वार्डों में पांच से ज्यादा प्रत्याशी थे, वहां ज्यादा जोर लगाया गया। मोहल्ले के विशिष्ट लोगों से लेकर दोस्त, रिश्तेदार तक अपने प्रत्याशी के समर्थन में दूसरे को नाम वापसी के लिए समझाते दिखे। समझौते के तहत कुछ नाम वापस भी हुए हैं। कुछ ऐसे नाम ऐसे वापस हुए हैं, जिनके परिवार के कई सदस्यों ने नामांकन कराए थे।
मेयर पद के प्रत्याशी
- भाजपा अशोक कुमार तिवारी
- सपा ओमप्रकाश सिंह
- कांग्रेस अनिल श्रीवास्तव
- बसपा सुभाष चंद्र मांझी
- आम आदमी पार्टी शारदा टंडन
- निर्दलीय आनंद कुमार तिवारी
- निर्दलीय ओमप्रकाश चौरसिया
- निर्दलीय वीरेंद्र कुमार गुप्ता
- निर्दलीय शमशेर खान
- निर्दलीय हरीश मिश्रा
- निर्दलीय दीपक लाल
सपा के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह चुनाव प्रभारी नामित
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की ओर से पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह को वाराणसी मेयर और पार्षद पद के चुनाव का प्रभारी नामित किया गया है। ओमप्रकाश सिंह की वाराणसी में काफी पकड़ है। इसे देखते हुए पार्टी की ओर से जिम्मेदारी दी गई है।