UP News: वाराणसी से गाजियाबाद की दूरी 1:35 घंटे में पूरी होगी, पहली विमान सेवा 1 मई से होगी; जानें शेड्यूल
वाराणसी से गाजियाबाद जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। इस शहर की दूसरी मात्र 1.35 घंटे में तय हो सकेगी। यह विमान सेवा पहली मई से शुरू हो रही है। इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
विस्तार
गाजियाबाद और वाराणसी के बीच एक मई से दो विमान उड़ान भरेंगे। इस विमान से सुबह और रात में यात्रा की जा सकेगी। विमानन कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शेड्यूल भी जारी कर दिए हैं। विमान 1.35 घंटे में पहुंच जाएगा। गाजियाबाद के लिए पहली बार विमान सेवा शुरू हो रही है।
लाल बहादुरशास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर के अधिकारियों ने बताया कि विमान आई एक्स 2978 सुबह 11.5 बजे वाराणसी से उड़ान भरेगा और दोपहर 12.40 बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर उतरेगा। यही विमान आई एक्स 2979 बनकर गाजियाबाद से दोपहर 1.35 बजे उड़ान भरेगा और अपराह्न 3.10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेगा।
दूसरा विमान शाम 7.25 बजे गाजियाबाद से उड़ान भरकर रात 9 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेगा, फिर यही विमान रात 9.30 बजे वाराणसी से उड़ान भरेगा और रात 11.5 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेगा। एक तरफ का किराया लगभग 3669 रुपये है। टूर ऑपरेटर आकाश तिवारी ने बताया कि हिंडन एयरपोर्ट से बाबतपुर का जुड़ाव होने से यात्रियों को बड़ी सहूलियत होगी। गाजियाबाद और नोएडा के लिए वाराणसी से सीधे विमान पकड़ा जा सकेगा।
दिल्ली से आने में लग गए 18 घंटे से ज्यादा
रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें तो चलाई जा रहीं हैं लेकिन सफर में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली से वाराणसी आने में 18 से 20 घंटे का समय लग जा रहा है। शनिवार दोपहर की ट्रेन रविवार की रात में कैंट स्टेशन पहुंची।
आनंद विहार-सहरसा स्पेशल 18.30 घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंची। लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनें इतना लेट हो रही है कि यात्री बीच सफर में भी यात्रा रद्द कर दे रहे हैं। गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए न तो कोच में पेयजल की व्यवस्था है, न ही बेहतर तरीके से पंखे, एसी चल रहे हैं।
स्पेशल ट्रेनों को ऐसे स्टेशनों और आउटर पर रोका जा रहा है, जहां चाय-पानी तक नहीं मिल पा रहा है। 05578 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल अपने निर्धारित समय से 18.30 घंटे की देरी से रात 8 बजे पहुंची। 04413 सहरसा-नई दिल्ली ट्रेन अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंची। 04203 वाराणसी-मां वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन को रविवार की दोपहर दो घंटे लोहता स्टेशन पर रोककर चार ट्रेनों को पास कराया गया।