सियासतः वाराणसी में ओमप्रकाश राजभर ने कहा- सीएम या डिप्टी सीएम बनाने पर भी नहीं जाएंगे भाजपा के साथ
ओमप्रकाश राजभर ने पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर के मसले पर कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्हें नजरबंद कर गलत किया। आगरा शराब कांड के लिए योगी सरकार को दोषी बताते हुए कहा कि प्रदेश में लाइन ऑर्डर फेल है।
विस्तार
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओेम प्रकाश राजभर ने बुधवार को एक बार फिर भाजपा को आड़े हाथों लिया। वाराणसी के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या उप मुख्यमंत्री भी बनाएगी तो भी उनके साथ नहीं जाऊंगा। हमारे के लिए सपा, बसपा और कांग्रेस के दरवाजे खुले हैं, हालांकि अब तक गठबंधन के लिए किसी ने हमसे संपर्क नहीं किया है। सपा और बसपा से भागीदारी संकल्प मोर्चा ने 100 सीट की मांग की है।
राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात के सवाल पर सुभासपा प्रमुख बोले, इसे गठबंधन से नहीं जोड़ना चाहिए। सुभासपा 27 अक्तूबर को चुनाव की घोषणा करेगी। दावा किया कि शिवपाल यादव हमारे साथ हैं। जहां जाएंगे भागीदारी संकल्प मोर्चे के साथ जाएंगे।
राजभर ने पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर के मसले पर कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्हें नजरबंद कर गलत किया। कैग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुंभ में कई करोड़ के घोटाले की बात सामने आई है। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की।
सरकार में आए तो बिजली मुफ्त देेंगे
सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर चिरईगांव के कोटवा सरायमोहना में भारत माता पार्टी की ओर से आयोजित निषाद सम्मेलन और चौबेपुर के चंद्रावती में अपनी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शामिल हुए। कहा कि हम सरकार में आए तो बिजली मुफ्त देंगे। निषाद समाज को मजदूर बना दिया गया है और उनके व्यवसाय को पूंजीपतियों को सौंपा जा रहा है। इस दौरान विधायक कैलाश सोनकर, शशि प्रताप सिंह, राकेश कुमार गोंड, वंदना भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।