यूपीः कैबिनेट मंत्री के बेटे के विवादित बोल- कहा, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो फूंक दूंगा थाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में बढ़ते महिला अपराध को लेकर अरविंद राजभर ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने भरी सभा में बलुआ थाना फूंकने की चेतावनी दी है। चंदौली जिले के बलुआ थाना अंतर्गत एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता के घर पहुंचे अरविंद राजभर ने सभा में कहा कि यदि दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो मैं स्वयं ही बलुआ थाना को फूंक दूंगा।
बता दें कि इस गांव की युवती के साथ 13 मई को मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना का लाभ दिलाने के नाम पर दो युवकों ने गैंगरेप किया था। राजभर बिरादरी की युवती से हुए दुष्कर्म के बाद परिवार वालों से मिलने के लिए ओमप्रकाश राजभर को आना था। वे नहीं पहुंचे तो अपने दोनों बेटों अरविंद राजभर और अरुण राजभर को गांव में भेजा।
अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए अरविंद राजभर ने सभा में खूब गरजे। इस दौरान अरविंद राजभर ने कहा कि पुलिस दुष्कर्म के मामले में हीलाहवाली कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो रही है तो उसके घर कुर्की की जाए।
कहा कि मुझ पर 71 मुकदमे दर्ज हैं। यदि दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो किसी भी हद तक जाऊंगा। यदि पुलिस में दम है तो मेरे खिलाफ कार्रवाई करके दिखाए।
यदि मेरी सरकार बनती है तो दुष्कर्म करने वालों के हाथ तोड़वा दिए जाएंगे। इसके पूर्व अरविंद राजभर ने दुष्कर्म पीड़ित और उनके परिवार वालों से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। कहा कि पार्टी उनके साथ है।
हम तो अमित शाह से भी लड़ लिए
भले ही योगी सरकार में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर साझीदार हैं और कैबिनेट मंत्री हैं लेकिन वे लगातार अपनी ही सरकार के खिलाफ बोलते रहे हैं। इसका कारण राजनीति में अपना वर्चस्व बनाने के रूप में देखा जाता है।
चंदौली संसदीय क्षेत्र के सकलडीहा, सैयदराजा, शिवपुर और अजगरा में राजभर बिरादरी की संख्या दो लाख से अधिक है। सुभासपा आमतौर पर राजभर समाज की राजनीति करते रहे हैं। यही कारण है कि चंदौली में ओमप्रकाश राजभर या उनके बेटों की सभा अधिकतर सकलडीहा और आस पास के क्षेत्रों में ही होती रही है।
बलुआ थाना के एक गांव में दुष्कर्म की घटना ने एक बार फिर सुभासपा को अपनी ही सरकार को कठघड़े में खड़ा करने और अपना जनाधार बढ़ाने का मौका दे दिया है। यही कारण है कि अरविंद न सिर्फ दुष्कर्म करने वालों के हाथ तोड़ने और बलुआ थाना फूंकने जैसा बयान दिया बल्कि समाज के लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए कहा कि राजभर समाज के हित के लिए हम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी हुई लड़ाई का जिक्र किया।
सीधे बोला की राजभर समाज की भलाई के लिए हम किसी से भी लड़ जायेंगे। कहा कि जब हम राजभरों के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से लड़ गये तो किसी की क्या औकात कि हमसे पंगा लेने के दम रख सकें।
दुष्कर्म आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यी टीम गठित
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया और दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है।
धानापुर क्षेत्र के पुष्कर यादव और संतोष यादव ने युवती को साथ ले जाकर दुष्कर्म किया था। इस मामले में 15 मई को गांव के लोगों ने बलुआ थाने पर प्रदर्शन किया। इसके बाद दोनों के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
16 को खोनपुर निवासी पुष्कर को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन संतोष यादव अभी भी फरार चल रहा है। सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यी टीम गठित किया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।