यूपी बोर्ड परीक्षा: 16 नवंबर तक अपलोड होगी परीक्षा केंद्रों की अनुमोदित सूची, 27 को फाइनल होंगे सेंटर
यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्रों की अनुमोदित सूची 16 नवंबर तक अपलोड होगी। वहीं 27 नवंबर को केंद्र फाइनल होंगे। जिले में 94 शिकायतों के निस्तारण के बाद बोर्ड को संस्तुति भेजी गई थी।
विस्तार
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 16 नवंबर तक जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित परीक्षा केंद्रों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसमें विद्यालयों के नाम के साथ आवंटित परीक्षार्थियों का ब्योरा भी शामिल रहेगा।
सूची जारी होने के बाद भी विद्यालयों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इसके लिए 21 नवंबर तक का समय दिया गया है। सभी आपत्तियों की जांच और निस्तारण के बाद 27 नवंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि बोर्ड ने वर्ष 2027 की परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी है। इसके तहत पहले विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कराया गया। विद्यालयों में उपलब्ध कक्ष, विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, शौचालय, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी जुटाई गई। इसके आधार पर तहसील स्तरीय समितियों ने विद्यालयों का चयन किया। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से प्रस्तावित केंद्रों और परीक्षार्थियों के आवंटन की सूची जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति के परीक्षण और अनुमोदन के लिए भेजी गई।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति ने विद्यालयों से मिली आपत्तियों और केंद्र निर्धारण के मानकों की समीक्षा के बाद अपनी संस्तुति बोर्ड को भेजी है। अब अनुमोदित सूची को परिषद की वेबसाइट पर 16 नवंबर को अपलोड किया जाएगा। इसमें यह भी स्पष्ट होगा कि किस विद्यालय के कितने विद्यार्थियों को किस परीक्षा केंद्र पर आवंटित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी विद्यालय, विद्यार्थी या अभिभावक को लगता है कि आवंटित परीक्षा केंद्र निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है तो वह 21 नवंबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन कर सकेगा। बोर्ड की ओर से इन आपत्तियों का परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद जरूरी संशोधन करते हुए 27 नवंबर तक अंतिम परीक्षा केंद्र सूची जारी की जाएगी।
