यूपी बोर्ड परीक्षा: वाराणसी में 134 केंद्र तय, 89577 परीक्षार्थी देंगे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा
वाराणसी में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 134 केंद्र तय किए गए हैं। बोर्ड की ओर से केंद्र आवंटन की अंतिम सूची जल्द ही जारी होगी। वहीं जिले में 89577 परीक्षार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के लिए जिले में केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई है। इस बार जिले में 134 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। इस बार 89577 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पिछले साल की तुलना में इस बार 16 केंद्र बढ़ाए गए हैं, जबकि परीक्षार्थियों की संख्या में 721 की कमी आई है।
बोर्ड की ओर से केंद्र आवंटन की अंतिम सूची जारी होने के साथ ही परीक्षा की तैयारियों का अगला चरण शुरू होगा। अब केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
जिले में पिछले साल जहां 118 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे, वहीं इस बार इनकी संख्या बढ़कर 134 हो गई है। यानी परीक्षा केंद्रों की संख्या में करीब 13.5 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके विपरीत परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है। पिछले साल 90298 परीक्षार्थियों के मुकाबले इस बार 8977 परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं। इस तरह 721 परीक्षार्थी कम हुए हैं।
हाईस्कूल में 46316, इंटरमीडिएट में 43261 छात्र देंगे परीक्षा
बोर्ड परीक्षा में 89577 छात्र परीक्षा देंगे। इसमें हाईस्कूल के 46316 और इंटरमीडिएट के 43261 छात्र हैं। पिछले साल हाईस्कूल में 46074 और इंटरमीडिएट में 44218 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 134 केंद्र बनाए गए हैं। इसके पहले जिले स्तर और बोर्ड कार्यालय स्तर आई आपत्तियों का निस्तारण किया गया। केंद्रों में सभी प्रकार की भौतिक सुविधाओं, छात्र संख्या और दूरी को विशेष ध्यान में रखा गया है। इन्हीं केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। -भास्कर मिश्रा, अपर सचिव, क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय वाराणसी
