UG PG Counselling: 16 हजार सीटों के लिए कल से काउंसिलिंग, टॉप स्कोर वालों को कॉलेजों में भी दाखिला; जानें खास
यूजी और पीजी काउंसिलिंग के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समर्थ पोर्टल पर रिजस्ट्रेशन करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
विस्तार
बीएचयू में 14 जुलाई को यूजी और पीजी में 16 हजार से ज्यादा सीटों के लिए काउंसिलिंग शुरू होगी। यूजी काउंसिलिंग में आवेदकों का समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू होगा, पीजी दाखिले में काउंसिलिंग की पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
इसी के साथ पीजी समर्थ पोर्टल पर मेन कैंपस से लेकर कॉलेजों में काउंसिलिंग की प्रक्रिया एक साथ ही शुरू हो जाएगी। काउंसिलिंग के दौरान अच्छे अंक वाला कोई भी अभ्यर्थी मेन कैंपस के साथ ही किसी भी कॉलेज में दाखिला पा सकता है। यानी कि डीएवी, वसंत कन्या कमच्छा, वसंता कॉलेज राजघाट, आर्य महिला या एमएमवी में भी प्रवेश मिल सकता है।
अगर उसने ऐसा च्वायस भरा है तो उसे वही कॉलेज मिलेगा। कई आवेदक जिनके घर के आसपास कॉलेज होता है या फिर कई दूसरी वजहों से छात्र या छात्राएं ऐसा फैसला लेते हैं। हालांकि, ऐसा भी है कि अभ्यर्थी को इन कॉलेजों में प्रवेश मिल गया और सीट फ्रीज करा दी तो फिर कितना भी बेहतर स्कोर हो, मेन कैंपस में अपग्रेड नहीं करा पाएंगे, जबकि उसके मुकाबले कम स्कोर वाले उम्मीदवार को मेन कैंपस में दाखिला मिल जाएगा।
पहले नहीं मिलता था मन मुताबिक कैंपस
समर्थ पोर्टल से पहले बीएचयू के मेन कैंपस में प्रवेश पाने वालों की लिस्ट सबसे पहले जारी होती थी। इसके बाद महिला महाविद्यालय, डीएवी और अन्य संबद्ध कॉलेजों का स्थान आता था। मेरिट लिस्ट में सभी अच्छे स्कोर वालों को मेन कैंपस में ही दाखिला मिलता था। उन्हें अपने मन मुताबिक संबद्ध कॉलेज नहीं मिलते थे। जबकि अब ऐसा नहीं है, अब ज्यादा हो तो भी कॉलेजों में प्रवेश पा सकते हैं।
गलती से चुन लिया तो नहीं मिलेगा मेन कैंपस
बीएचयू के कई प्रोफेसर और कर्मचारी इस नियम का विरोध भी करते हैं। कहते हैं कि इससे यदि किसी ने गलती से संबद्ध कॉलेज का विकल्प चुन लिया तो फिर उसे मुख्य परिसर नहीं मिलेगा। जबकि वह इसके योग्य था।
पीजी काउंसिलिंग की प्रक्रिया 14 से एक अगस्त तक चलेगी
- पहले राउंड की काउंसिलिंग -14 जुलाई
- दूसरे राउंड की काउंसिलिंग -18 जुलाई
- मिड इंट्री रजिस्ट्रेशन - 22 जुलाई
- तीसरे राउंड की काउंसिलिंग -29 जुलाई
- चौथे राउंड की काउंसिलिंग -01 अगस्त