जौनपुर में दर्दनाक हादसा, बुजुर्ग समेत दो की ट्रेन से कटकर मौत
जौनपुर जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रेन से कटकर वृद्ध समेत दो लोगों की मौत हो गई। जलालपुर में वृद्ध ट्रेन से कट गया, जबकि खेतासराय में ट्रेन से गिरने के कारण युवक को जान गंवानी पड़ी।
जलालगंज रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 30 सी पर रविवार को एक अज्ञात वृद्ध ने ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक बहुत देर से क्रासिंग पर बैठा था। मालगाड़ी गेट के पास पहुंची तो वह आगे कूद पड़ा। उसकी उम्र लगभग 60 वर्ष बताई गई।
आसपास के लोगों ने सूचना गेटमैन को दी। ट्रैक पर शव पड़ा होने के कारण वाराणसी-गाजीपुर जा रही डेमू 15 मिनट लेट से रवाना हुई। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उधर, शनिवार की रात फैजाबाद-वाराणसी रेलमार्ग पर स्थित मानीकलां हाल्ट के निकट ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई।
परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को घर लेकर के चले गए। पुलिस ऐसी किसी घटना से इनकार कर रही है। शनिवार की रात करीब 8 बजे लुधियाना धनबाद एक्सप्रेस पर सवार एक 30 वर्षीय युवक ट्रेन के गेट से चलती ट्रेन में नीचे गिर पड़ा। ट्रेन उस समय क्षेत्र के मानी हाल्ट के निकट पहुंची थी।
युवक के परिजनों ने ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोक लिया। नीचे उतर कर देखा उसकी मौत हो चुकी थी। भुड़कुड़हां गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। युवक के परिजनों ने ग्रामीणों को बताया कि किछौछा स्थित मखदूम साहिब दरगाह पर दर्शन कर बनारस लौट रहे थे। परिजनों के पास शव बनारस ले जाने के लिए एम्बुलेंस के पैसे नहीं थे। ग्रामीणों ने सहयोग करके शव को बनारस भेज दिया।