जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत में दो की मौत, 15 घायल
जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर उचौरा गांव के पास शुक्रवार को रोडवेज बस और तेज रफ्तार ट्रक में हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दो यात्रियों की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर के बाद सवारियों से भरी बस सड़क किनारे छह फीट नीचे खाई में चली गई। हादसे में 15 यात्री जख्मी हुए हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया दिया। घटना के बाद ट्रक चालक फरार है।
प्रयागराज के सिविल लाइंस डिपो की बस सवारी लेकर शुक्रवार की दोपहर बाद गोरखपुर जा रही थी। बस मुंगराबादशाहपुर से आगे मछलीशहर की ओर बढ़ी, तभी उचौरा गांव के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक से टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर से अनियंत्रित हुई बस सड़क किनारे खाई में चली गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
आनन-फानन में सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। गंभीर रुप से जख्मी आजमगढ़ के रानी की सराय निवासी रविकांत यादव (25) और प्रयागराज के म्योराबाद निवासी सच्चिदानंद तिवारी (55) की मौके पर ही मौत हो गई। बस में 40 यात्री सवार थे। इसमें 15 घायलों को मुंगराबादशाहपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य यात्रियों को उनके रिश्तेदार निजी अस्पतालों में ले गए।
हादसे में यह हुए घायल
जौनपुर के नईगंज निवासी गौरव गुप्ता 30, आजमगढ़ के ठेकमा निवासी वीरेंद्र कुमार 55, नौपेड़वा जौनपुर की इसराजी देवी 60, राजकिशोर यादव 30, हनुमानगंज प्रयागराज के राकेश कुमार 35, गोसाईगंज आजमगढ़ की गीता देवी 45, आकांक्षा 19, मुंगराबादहशाहपुर के इटहरा गांव निवासी धर्मेंद्र पटेल 32, अंंबेडकरनगर के श्रीकांत रावत 35, नारायणपुर जौनपुर के संदीप तिवारी 16, आशा तिवारी 40, प्रयागराज की शबाना 40, मुबारकपुर आजमगढ़ के जाहिद 60, प्रयागराज की शिल्पा 22, बस चालक राकेश कुमार 40 को चोट आई। आनन-फानन में सभी को मुंगराबादशाहपुर पीएचसी पहुंचाया गया। इसमें से जाहिद और शिल्पा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।