दर्दनाक हादसा: मां और मासूम बेटा ट्रक की चपेट में आए, मां के साथ गोद में ही मासूम की मौत
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना झक्का की मड़ई के पास नेशनल हाइवे पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला और उसके सात माह पुत्र की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से सभी के रोंगटे खड़े हो गए, जबकि बाइक चालक भी घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला बच्चे को गोद में लेकर बाइक से इलाज के लिए एक निजी अस्पताल टेंगरा मोड़ जा रही थी। स्थानीय लोगों ने चालक को ट्रक सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
रामनगर थाना क्षेत्र के कुतुलूपुर निवासी चंद्रजीत यादव की पत्नी अनीता उर्फ रानी(22) अपने सात माह के पुत्र अंकुश को लेकर बाइक से अपने मायके शहाबगंज थाना क्षेत्र के तियरा से रामनगर टेंगरा मोड़ स्थित एक निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए जा रही थी। बाइक महिला के पति चंद्रजीत यादव का फुफेरा भाई संदीप यादव चला रहा था। गोधना गांव की झक्का की मड़ई के समीप बाइक पहुंची ही थी कि बिहार के आरा से चावल लादकर पीछे से जा रहे ट्रक की चपेट में बाइक आ गई।
इससे अनीता व उसका पुत्र ट्रक के नीचे आ गए। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चालक मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक और चालक को पकड़ लिया। साथ ही उसकी पिटाई भी कर दी। जिससे उसका सिर फट गया।
वहीं घटना के बाद नेशनल हाइवे की एक लेन पर करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया। सूचना पर पहुंची अलीनगर पुलिस ने घायल चालक बलुआ थाना क्षेत्र के बैराठ निवासी यशवंत यादव को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेशचंद्र तिवारी ने बताया कि ट्रक चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।