निजी अस्पतालों में दो मौतें: मन्नतों बाद हुई थी बेटी, आया बुखार, फिर तोड़ दिया दम; प्रसूता की भी थमीं सांसें
मन्नतों के बाद जन्मी बेटी को तेज बुखार आने पर परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की मौत के कारणों की पड़ताल जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के दो निजी अस्पतालों में बृहस्पतिवार को प्रसूता और दो वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। दोनों मामलों में अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। एक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पहला मामला घोरावल रोड स्थित एक निजी अस्पताल का है। करमा थाना क्षेत्र के खैराही निवासी जय सिंह की पत्नी रविता (27) को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, प्रसव के बाद अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई। परिजन दीपक ने आरोप लगाया कि अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण रविता की मौत हो गई।
आरोप है कि महिला की हालत गंभीर होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एंबुलेंस बुलाकर उसे रेफर करने की तैयारी की, जबकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत की जानकारी होते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
दूसरा मामला धर्मशाला चौक के समीप संचालित एक निजी अस्पताल का है। चुर्क के वार्ड नंबर एक निवासी सुरेंद्र की दो वर्षीय बेटी शगुन की उपचार के दौरान मौत हो गई। सुरेंद्र के मुताबिक, बेटी को तीन दिन से बुखार था और उसका उपचार कराया जा रहा था। बृहस्पतिवार सुबह उसकी हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद बच्ची के शरीर में अकड़न होने लगी। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एक शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शिकायत मिलने पर टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी।