वाराणसी: पुरानी रंजिश को लेकर दो वर्गों में पत्थरबाजी, मौके पर गई पुलिस पर किया पथराव, दो सिपाही घायल
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव में रविवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो वर्गों के बीच जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चल गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बड़ागांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो दोनों वर्गों के लोगों ने पुलिस पर ही फथराव शुरू कर दिया।
पथराव में आरक्षी सौरभ यादव और अजय भान गिरी घायल हो गए। पथराव की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी बड़ागांव और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में हो सकी।
इस घटना में थानाध्यक्ष बड़ागांव मुरली धर ने दोनों पक्षों के 11 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा एवं सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने देर रात तक दबिश देकर सभी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और अज्ञात लोगों की तलाश कर रही है।
दरअसल, गांव में दो वर्गों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। रविवार शाम को आलमगीर का पुत्र कल्लू बाजार से सामान खरीदने गया था, जहां पर मौजूद छोटू प्रजापति से विवाद के मारपीट होने लगी। इस बात की भनक लगते ही काफी संख्या में दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों ओर से पत्थरबाजी होने लगी।
इस की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बड़ागांव पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच कर शांति-व्यवस्था का प्रयास करने लगे। लेकिन दोनों पक्ष के हमलावरों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया।
थानाध्यक्ष ने नामजद आरोपी कुतुबुद्दीन, कल्लू, बेलाल, अमिरुद्दीन, सोहराब और दूसरे वर्ग के बबलु, भोलू, राजु, विशाल, राकेश प्रसाद और मुलायम को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है और शांति-व्यवस्था के मद्देनजर फोर्स तैनात कर दी है।