वाराणसीः नकली बाल में डिवाइस छुपाकर दरोगा परीक्षा देने आए दो अभ्यर्थी पकड़े गए, भेजे गए जेल
वाराणसी के एक केंद्र पर दरोगा भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों की चेकिंग हो रही थी। परीक्षार्थी के सिर के ऊपर मेटल डिटेक्टर ले जाते ही बीप की आवाज सुनाई दी। जांच के दौरान नकली बाल में डिवाइस पकड़ा गया।
विस्तार
वाराणसी एक परीक्षा केंद्र पर दरोगा भर्ती परीक्षा में नकली बाल में डिवाइस छुपाकर परीक्षा देने पहुंचे दो अभ्यर्थियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से सिम कार्ड, बैट्री और माइक्रो फोन बरामद हुआ। मंगलवार की प्रथम पाली की परीक्षा में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
जिले में इस समय दरोगा, प्लाटून कमांडर पीएसी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी की सीधी भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा चल रही है। रोहनिया के भदवर स्थित भागवत इंस्टीट्यूट केंद्र पर मंगलवार की सुबह प्रथम पाली की दरोगा परीक्षा में अभ्यर्थियों की चेकिंग हो रही थी।
परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था के कर्मियों और केंद्र प्रबंधक की ओर से लगाए कर्मियों ने हैंड मेटल डिटेक्टर से चेकिंग शुरू किया तो परीक्षार्थी के सिर के ऊपर मेटल डिटेक्टर ले जाते ही बीप की आवाज सुनाई दी। कर्मियों ने दोबारा चेकिंग की तो नकली बाल में डिवाइस पकड़ा गया।
विग के अंदर माइक्रो फोन बरामद
मामले की जानकारी रोहनिया पुलिस को दी गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान परीक्षार्थी प्रतापगढ़ के पट्टी थाना अंतर्गत कोठियार निवासी अमन सिंह पटेल ने बताया कि नकल के इरादे से नकली विग लगाकर आया था, विग के अंदर माइक्रो फोन, बैट्री, सिम कार्ड आदि बरामद हुआ। पुलिस की टीम आरोपी से पूछताछ करते हुए अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी।
पुलिस की पूछताछ में आजमगढ़ के थाना देवगांव स्थित लहुआ मंदूपुर निवासी वशिष्ठ शर्मा ने बताया कि साथियों के कहने पर नकल का यह तरीका अपनाया था। परीक्षा कराने वाली संस्था चीफ प्राक्टर राजेंद्र चौकसे की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
छह आरोपी हुए गिरफ्तार
दरोगा भर्ती की परीक्षा में कमिश्नरेट और ग्रामीण पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। चितईपुर स्थित केंद्र से हफ्ते भर में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए थे, वहीं रोहनिया स्थित विभिन्न केंद्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।