Varanasi News: 29 दिन की वेटिंग, मंगला आरती के 6240 टिकट एडवांस में ही बिके; सप्तऋषि की बुकिंग फुल
Varanasi News: श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार यह जानकारी मिली है। अभी भी बुकिंग के लिए आवेदन आ रहे हैं। नवरात्रि और दीपावली को लेकर ज्यादा आवेदन किए गए हैं।
विस्तार
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की मंगला आरती की ऑनलाइन बुकिंग दीपावली तक फुल है। 26 दिनों की वेटिंग चल रही है। सप्तऋषि आरती में 29 दिन, शृंगार आरती में 25 दिन और मध्याह्न भोग आरती में 16 दिनों की वेटिंग है।
दीपावली के चार दिन बाद तक बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती और छह दिन बाद तक सप्तऋषि आरती की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पाएगी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, मंगला आरती के कुल 6240 टिकट एडवांस में ही बुक हो चुके हैं।
बीती शाम तक सिर्फ सात टिकट ही बचे थे। 6 नवंबर को 94 टिकट और 7 नवंबर को 159 टिकट बचे हैं। बुकिंग का स्लॉट अभी तक नहीं खुला है। हालांकि, मंगला आरती की एडवांस बुकिंग 30 दिन पहले तक ही की जा सकती है। नवरात्र और दीपावली को लेकर बाबा विश्वनाथ धाम में भक्तों की भारी भीड़ चल रही है।
पर्यटकों को दिक्कत
बाबा विश्वनाथ धाम में हर दिन भोर में 3 से 4 बजे के बीच में मंगला आरती होती है। एक टिकट 500 रुपये में मिलता है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु वाराणसी आने से पहले ही मंगला आरती का टिकट ऑनलाइन ले लेते हैं। लेकिन, जिन पर्यटकों का जल्दबाजी में काशी भ्रमण का प्लान बनाया और टिकट की इतनी लंबी वेटिंग हो तो फिर उनका मंगला आरती में शामिल होने का सपना अधूरा ही रह जाता है।
मध्याह्न भोग आरती के 800 टिकट बिके
- मध्याह्न भोग आरती की 16 दिन की एडवांस बुकिंग चल रही है। इसके 24 अक्तूबर तक 800 टिकट बुक हैं। 25 अक्तूबर का एक ही टिकट बचा है। ये आरती सुबह 11:15 से दोपहर के 12:20 बजे तक होगी।
- 7 नवंबर को होगी सप्तऋषि आरती की बुकिंग
- सप्तऋषि आरती की 29 दिनों की एडवांस बुकिंग चल रही है। 7 नवंबर का स्लॉट खुला है। इस दिन 15 टिकट ही बचे हैं। ये आरती शाम को 6:45 बजे से लेकर 8:15 बजे तक होती है।
- शृंगार आरती की 25 दिन की एडवांस बुकिंग चल रही है। 23 अक्तूबर तक टिकट उपलब्ध नहीं है। 24 अक्तूबर के स्लॉट में 9 टिकट ही बचे हैं। ये आरती रात नौ बजे से 10:15 बजे तक होती है।