दर्दनाक: एक बाइक पर सवार तीन युवकों को ट्रेलर ने कुचला, दो की मौत, एक की हालत गंभीर; चालक वाहन लेकर भागा
गहमर कोतवाली क्षेत्र में खुदरा मोड़ के पास शनिवार रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार कमलेश चौधरी और अरविंद चौधरी की मौत हो गई। अजय चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।
विस्तार
गाजीपुर में गहमर कोतवाली क्षेत्र के खुदरा मोड़ के पास शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदौरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, खुदरा गांव निवासी कमलेश चौधरी (30), अरविंद चौधरी (25) और अजय चौधरी (23) शनिवार रात करीब नौ बजे बाइक से गहमर की ओर से आ रहे थे। तीनों खुदरा मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए भदौरा सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कमलेश चौधरी और अरविंद चौधरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अजय चौधरी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गहमर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि हादसे में कमलेश चौधरी और अरविंद चौधरी की मौत हुई है, जबकि अजय चौधरी गंभीर रूप से घायल है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद फरार चालक की तलाश और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।