ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने पेश की मिसाल: लैपटॉप-बैग सुरक्षित लौटाया, मुरादाबाद से बनारस भ्रमण पर आई छात्रा ने कहा- शुक्रिया
मुरादाबाद से एक परिवार वाराणसी के कैंट स्टेशन पहुंचा। ऑटो पर सवार होने के बाद उनका बैग रास्ते में गिर गया। किसी को भनक नहीं नहीं लगी। उनके खोये हुए बैग को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने लौटाया।
विस्तार
मुरादाबाद से बनारस भ्रमण पर आए परिवार के चेहरे पर वाराणसी कमिश्नरेट के ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मुस्कान बिखेर दी। कबीरचौरा क्षेत्र में ऑटो से जाते समय परिवार का एक बैग गिर गया था जिसमें लैपटॉप था। इस बैग को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने संभाल के रखा और परिजनों को सुपुर्द किया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के इस ईमानदारी को देख परिवार गदगद हो गया।
मुरादाबाद से एक परिवार शनिवार सुबह वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन उतरा। रिजर्व ऑटो में सवार होकर परिवार मैदागिन के लिए रवाना हुआ। उनका सामान ऑटो के पिछले हिस्से में रखा था। ऑटो जब कबीरचौरा अस्पताल के सामने से गुजरा तो उसमें रखा हुआ लैपटॉप बैग सड़क पर गिर गया। हालांकि परिवार को इस बात की भनक तक नहीं लगी।
चौराहे पर तैनात ट्रैफिक सिपाही पंकज गुप्ता और होमगार्ड अरविंद कुमार मिश्रा और शाबिर अली की नजर उक्त बैग पर पड़ी। तीनों ने बैग को अपने पास सुरक्षित रख लिया। परिवार जब मैदागिन पहुंच कर सामान उतारने तो लैपटॉप बैग नदारद था। इसके बाद परिवार के चेहरे की हवाइयां उड़ गई।
जिसके बाद बैग की तलाश करने के लिए बाईक से परिवार की बिटिया स्वरीया चौधरी अपने परिजन के साथ निकल पड़ी। बैग की तलाश करते हुए स्वरीया जब कबीरचौरा अस्पताल के तिराहे के पास पहुंची तो देखा कि बैग पुलिस की निगरानी में मौजूद है। सत्यापन के बाद तीनों पुलिसकर्मियों ने ईमानदारी की मिशाल पेश करते हुए छात्रा को बैग सुपुर्द कर दिया। बैग मिलने पर कमिश्नरेट पुलिस का स्वरीया ने शुक्रिया अदा किया।
पढ़ेंः आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से टक्कर के बाद कार में लगी आग, दो लोग जिंदा जले