वाराणसी की प्रमुख खबरें: चोरी करने मकान की छत पर चढ़ा हिस्ट्रीशीटर, 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से हुई मौत
वाराणसी में चोरी की नीयत से एक मकान की छत पर चढ़े हिस्ट्रीशीटर की 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के आठ प्राथमिकी दर्ज हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चोरी की नीयत से एक मकान की छत पर चढ़े हिस्ट्रीशीटर रोहनिया थाना क्षेत्र के कन्नाडाडी गांव निवासी तेजसिंह की रविवार रात छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ रोहनिया समेत अलग-अलग थानों में चोरी के आठ प्राथमिकी दर्ज हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सिंधोरा थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि रविवार रात तेजसिंह सिंधोरा बाजार निवासी दीपक विश्वकर्मा के मकान पर चोरी की नीयत से चढ़ा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गया। तेजसिंह के पास से बाइक की चाबी, कुछ रुपये और टॉर्च मिले। पुलिस ने आसपास जांच की तो करीब एक किलोमीटर दूर जाठी गांव के पास आरा मशीन के सामने एक बाइक लावारिस हालत में मिली। बाइक में मिली चाबी लगाने पर वह स्टार्ट हो गई। जांच में बाइक तेजसिंह के नाम पंजीकृत मिली। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उसके परिजनों को मौके पर बुलाया। परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाईवोल्टेज तार हटाने की मांग पर चक्काजाम का प्रयास
हादसे के बाद सिंधोरा बाजार के लोगों में आक्रोश फैल गया। बाजारवासियों ने हाईवोल्टेज तार हटाने की मांग को लेकर चक्काजाम का प्रयास किया। सूचना पर एसीपी पिंडरा प्रशांत सिंह और एसडीएम पिंडरा कुंदन राज कपूर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूर्व प्रधान गुलाम मोहम्मद और मकान मालिक दीपक विश्वकर्मा ने बताया कि बाजार के ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज तार से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। तार में कई बार आग लग चुकी है। एक घटना में करंट की चपेट में आने से बकरे की मौत भी हो चुकी है। तार हटाने की मांग को लेकर बाजारवासी तहसील से लेकर जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पेड़ से बांधकर लाठी से पीटकर मजदूर की हत्या में शामिल तीसरा आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी में चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर में 21 अगस्त को खेत में मिले ईंट-भट्ठा मजदूर रामजतन वनवासी (45) की पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को तीसरे आरोपी आकाश कुमार विश्वकर्मा (19) को गिरफ्तार कर लिया। वह झारखंड के रांची जिले के विशुनपुर थाना क्षेत्र के महुआडांड़ का निवासी है। पुलिस ने उसे दोपहर करीब 1:50 बजे मोहांव अंडरपास के पास से पकड़ा। इससे पहले शिवदशा, चौबेपुर निवासी अजय सिंह और गरथौली, चौबेपुर निवासी विशाल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के धरायन गांव निवासी रामजतन चौबेपुर के चिरईगांव स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसकी ससुराल गोसाईंपुर के बड़कीबारी गांव में थी, जहां वह पत्नी और पांच बच्चों के साथ रहता था। 21 अगस्त को खेत में अज्ञात शव मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। इसी दौरान घटना से संबंधित एक वीडियो पुलिस के हाथ लगा। वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ी और शव की पहचान रामजतन के रूप में हुई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर 26 अगस्त को चोलापुर थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज हुई।
जांच में सामने आया कि अजय सिंह ने विशाल सिंह, हड़ियाडीह निवासी आशीष और बर्थरा निवासी रामाज्ञा यादव के साथ मिलकर रामजतन को पकड़ लिया था। आरोप है कि ट्रैक्टर चोरी के संदेह में उसे पेड़ से बांधकर लाठी से पीटा गया। गंभीर हालत में उसे खेत में छोड़कर आरोपी भाग निकले। बाद में उसका शव मिला।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद की है। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर हत्या के वास्तविक कारण का पता चलेगा।
यूपी सिविल कोर्ट सेंट्रलाइज रिक्रूटमेंट परीक्षा में सॉल्वर बनकर परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। लंका पुलिस की ओर से प्रयागराज निवासी रावेंद्र (लालापुर) और विजय कुमार (सोरांव) के खिलाफ कुर्की का नोटिस जारी किया गया है। इसी मामले में प्रयागराज निवासी मनीष कुमार के खिलाफ भी कुर्की का नोटिस जारी हुआ था। हालांकि, मनीष ने बीते 19 अगस्त को वाराणसी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि लंका थाने में वर्ष 2025 में दर्ज प्राथमिकी की विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों के नाम सामने आए थे। पुलिस के अनुसार, चार जनवरी 2025 को बीएचयू परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय में यूपी सिविल कोर्ट सेंट्रलाइज रिक्रूटमेंट परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान एनटीए की ओर से प्रयागराज निवासी परीक्षार्थी मनीष कुमार की बायोमेट्रिक पहचान का मिलान नहीं होने की जानकारी दी गई। जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र पर मनीष कुमार के स्थान पर झारखंड निवासी एक व्यक्ति सॉल्वर बनकर परीक्षा देने पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई तो सॉल्वर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। न्यायालय के आदेश के बाद कुर्की की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि परीक्षा में नकल और फर्जीवाड़े में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
11 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव
कमिश्नरेट पुलिस में 11 उपनिरीक्षकों और महिला उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। उनि. प्रिंस तिवारी को चौकी अमियामंडी, थाना कोतवाली से चौकी रमना, थाना लंका भेजा गया है। उनि. नितेश कुमार जायसवाल को चेतगंज से अमियामंडी चौकी की जिम्मेदारी मिली है। उनि. भृगुपति त्रिपाठी को नगर निगम चौकी, सिगरा से सूजाबाद चौकी, रामनगर भेजा गया है। उनि. शिवम मिश्रा को लल्लापुरा से नगर निगम चौकी, सिगरा भेजा गया है। महिला उपनिरीक्षक प्रीति कुमारी को सप्तसागर से लल्लापुरा चौकी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं उनि. रवि सिंह को शीतला घाट से सप्तसागर और उनि. अभय गुप्ता को सिगरा से शीतला घाट भेजा गया है। इसके अलावा रणजीत श्रीवास्तव को दुर्गाकुंड से लंका, संदीप सिंह को नाटीइमली से दुर्गाकुंड और वैभव कुमार शुक्ला को चेतगंज से नाटीइमली भेजा गया है। महिला उपनिरीक्षक निहारिका साहू को लंका से चौकी चेतगंज तैनात किया गया है।
गौर गांव के बंगला चट्टी में शनिवार रात तेज बारिश के दौरान एक विशाल आम का पेड़ मड़ई पर गिर गया। हादसे में मड़ई में सो रही 50 वर्षीय कुमारी बिंद गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गौर गांव के बंगला चट्टी निवासी राजाराम बिंद की पत्नी कुमारी बिंद शनिवार रात मकान के सामने बनी मड़ई में सो रही थीं। पेड़ गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मलबे से महिला को बाहर निकालकर तत्काल वाराणसी के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।
टैंकर की रॉन्ग साइड से चार वाहन भिड़े, बड़ा हादसा बचा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत सातो महुआ के पास रविवार को इंडियन ऑयल के टैंकर की रॉन्ग साइड से आने के कारण चार वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में वाहन सवार सभी सुरक्षित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंडियन ऑयल का टैंकर गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहनों से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना में क्विड कार, कंटेनर और मैजिक समेत चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई भिड़ंत से मौके पर अफरातफरी मच गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े होने से कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया सभी लोग सुरक्षित हैं। हादसों की वजह की जांच की जा रही है।
वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की ओर से एक विशेष लैंडलाइन हेल्पलाइन नंबर 0542-2282834 जारी किया गया है। इस पर नगर निगम के कर्मचारियों की ओर से पैसा मांगने वालों की शिकायत की जाएगी। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी स्तर पर होने वाली अवैध वसूली के खिलाफ खुलकर सामने आएं और तत्काल इस नंबर पर जानकारी दें, ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नगर आयुक्त ने इस सार्वजनिक सूचना को निगम के सभी कार्यालयों, जोनल कार्यालयों और जलकल विभाग के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा कराने का निर्देश दिया है।
निगम से जुड़ी शिकायत 1533 पर कराएं दर्ज
नगर निगम से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1533 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नगर निकायों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए अब नागरिकों को भटकना नहीं पड़ेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मातहतों को निर्देश दिया है कि कंट्रोल रूम पर आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस सुविधा का लाभ उठाएं।
किशोरी के लापता होने पर युवक के खिलाफ प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी 28 अगस्त को घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर मां ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को करन कुमार बहलाकर साथ ले गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।
अक्षयबर नाथ पांडेय बने जिला शासकीय अधिवक्ता-राजस्व
शासन के न्याय विभाग ने अधिवक्ता अक्षयबर नाथ पांडेय को वाराणसी का जिला शासकीय अधिवक्ता-राजस्व नियुक्त किया है। जिलाधिकारी के आदेश पर उन्हें आगामी एक वर्ष के लिए प्रतिधारक के रूप में आबद्ध किया गया है। वह जनपद के समस्त न्यायालयों में सरकारी वादों में सरकार और उसके अधिकारियों की ओर से पैरवी एवं प्रतिवाद करेंगे।
दुकान में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर दर्ज कराई प्राथमिकी
चेतगंज थाना क्षेत्र के सराय गोवर्धन में मकान और दुकान के विवाद को लेकर मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने के मामले में पुलिस तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज की। बड़ी पियरी निवासी राजीव गुप्ता का आरोप है कि बबलू यादव, ज्ञानचंद्र गुप्ता, वेद प्रकाश, रवि गुप्ता, विजय शंकर गुप्ता, मधु गुप्ता और लक्ष्मी देवी 30 अगस्त की रात आरोपी दुकान पर पहुंचे धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने राजीव और उत्कर्ष गुप्ता को मारपीट कर घायल कर दिया। दुकान में तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक के ताला लगा दिया। वहीं दूसरे पक्ष के ज्ञानचंद्र गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने राजीव गुप्ता, उसके बेटे उत्कर्ष, भाई, भतीजे जयते, साले समेत 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी घर में घुस आए और बहू व बेटी को कमरे से बाहर खींचकर पीटने लगे। महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया। दामाद विजय गुप्ता और बेटी मधु गुप्ता पर धारदार हथियार से हमला किया गया। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
विवाहिता से मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर स्थित मां चौरा नगर कॉलोनी में पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, प्रताड़ना और कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। पूनम भारती की तहरीर पर कैंट पुलिस ने पति बृजेश कुमार भारती समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पूनम का आरोप है कि 19 अप्रैल 2022 को शादी के बाद पति, देवर गुरुदत्त भारती और ननदें अर्चना, ज्योत्सना व नीरेश दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। 27 अगस्त को विवाद के दौरान मारपीट कर कपड़े फाड़ने का आरोप है। 28 अगस्त को वह मायके चली गई। लौटने पर पति ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच शुरू कर दी है।