फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   top latest and today news of varanasi

Varanasi Top News: स्वर्वेद कथा के प्रवर्तक संत विज्ञानदेव को जान से मारने की दी धमकी सहित अन्य खबरें

Thu, 09 May 2024 11:11 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 09 May 2024 11:11 PM IST
सार

Varanasi Top News: वाराणसी में गुरुवार को कई छोटी-बड़ी खबरें रहीं। चौबेपुर थाना क्षेत्र में बने विहंगम स्वर्वेद मंदिर के विज्ञानदेव को फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को ऐप के माध्यम से चैटिंग कर यूपी कॉलेज बुलाया गया। इसके बाद तीन युवकों ने उसके साथ मारपीट की। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
top latest and today news of varanasi
वाराणसी की खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

वाराणसी के चौबेपुर स्थित विहंगम योग के प्रधान प्रचारक व स्वर्वेद कथा के प्रवर्तक संत विज्ञानदेव को उनके मोबाइल पर कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई है। उनकी तहरीर पर चौबेपुर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

विज्ञापन


संत विज्ञानदेव ने पुलिस को बताया कि उमरहां स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम में विहंगम योग के वार्षिकोत्सव समारोह में दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उन्होंने बुलाया था। इसे लेकर उनके मोबाइल नं पर 29 अप्रैल को दो अलग-अलग नंबरों से गालीगलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
विज्ञापन


उधर, इस संबंध में चौबेपुर थानाध्यक्ष विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन नंबरों से धमकी भरी कॉल आई थी, उनके बारे में विवरण जुटाया जा रहा है। संबंधित व्यक्ति को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


चाचा-भतीजा के खिलाफ चोरी का मुकदमा
वाराणसी। महमूरगंज इलाके की महाराज नगर कॉलोनी के रहने वाले महादेव मनोहर सिन्हा की शिकायत पर उनके घर में काम करने वाले विकास चौधरी और उसके चाचा प्रदीप चौधरी के खिलाफ भेलूपुर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि बुधवार को आरोपी घर में घुस कर करीब एक लाख रुपये का कीमती सामान चुरा लिए। पूर्व में भी आरोपी इस तरह की घटना को अंजाम देने की कोशिश किए थे, लेकिन सफल नही हो पाए।

अध्यापक से बैंक में 16 हजार रुपये की उचक्कागिरी
चौबेपुर बाजार में इंडियन बैंक में एक अध्यापक को छुट्टा लेने का झांसा देकर एक उचक्के ने 16 हजार रुपये ठग लिए। अध्यापक को ठगी के बारे में पता चला तो उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक उचक्का भाग गया था। उधर, चौबेपुर थाने की पुलिस ने बताया कि उचक्कों को गुरुवार को एसओजी और सारनाथ थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पनिहरी गांव के मुन्नालाल पाल उमरहां स्थित एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक हैं। 

वह चौबेपुर कस्बा स्थित इंडियन बैंक की शाखा में बुधवार को पैसा जमा करने गए थे। एक युवक ने उनके पास आकर कहा कि आप के पास जो दो सौ रुपये की 20 हजार वाला गड्डी है, वह हमें दे दें। बदले में हमसे पांच सौ रुपये के नोट ले लीजिए। मुन्नालाल उसकी बात पर विश्वास कर नोटों की गड्डी की अदला-बदली कर ली। जब उन्होंने नोट गिनना शुरू किया तो ऊपर-नीचे 500-500 के दो नोट और बाकी 100 के 30 नोट थे। 

घटना के तीन दिन बाद दो लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा
रोहनिया। बैरवन गांव निवासी राजेश मिश्रा की तहरीर पर रोहनिया थाने में नरैचा के नवीन तिवारी और बसंतपट्टी के वकील चौहान के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। राजेश मिश्रा अपने दोस्त संतोष पाल के साथ छह मई की रात मोहनसराय से घर जा रहा था। मोहनसराय पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर बाइक से आए बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी। 

उसने पुलिस को बताया कि एक माह पहले गांव के ही एक निजी विद्यालय पर नवीन तिवारी और वकील चौहान एक लड़की से छेड़खानी कर रहे थे। इसका उसने विरोध किया था तो उन लोगों ने देख लेने की धमकी दी थी। रोहनिया थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

पांडैयपुर चौराहा पर मनबढ़ ऑटो चालकों ने सिपाही को पीटा
पुलिस ऑफिस में तैनात कांस्टेबल शैलेश गौड़ को पांडेयपुर चौराहे पर गुरुवार की दोपहर कुछ मनबढ़ ऑटो चालकों ने पीट दिया। सूचना पाकर पहुंचे पांडेयपुर चौकी प्रभारी ने एक ऑटो चालक को हिरासत में लिया, जबकि अन्य भाग निकले। सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी ऑटो चालकों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।

सिपाही शैलेश गौड़ सादे कपड़ों में सारनाथ से पांडेयपुर तक ऑटो से आए थे। वहां से वह पैदल ही पुलिस लाइन जा रहे थे। उसी दौरान एक ऑटो चालक उन्हें सवारी समझ कर उनका हाथ पकड़ लिया। इसके साथ ही उन्हें वह अपने ऑटो में बैठाने लगा। सिपाही ने हाथ पकड़ने का विरोध किया तो ऑटो चालक ने गाली दे दी। तब तक तीन-चार अन्य ऑटो चालक भी लामबंद हो गए और सिपाही के साथ मारपीट किए। सिपाही शैलेश गौड़ की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर मनबढ़ ऑटो चालकों की तलाश कर रही है।

चैटिंग कर यूपी कॉलेज बुलाया, फिर जमकर मारा-पीटा
डिगिया, जैतपुरा निवासी शीतला प्रसाद सेठ ने शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गत चार मई की रात वह भरलाई स्थित अपनी आभूषण की दुकान से घर जा रहे थे। रास्ते में उनसे मोबाइल पर एक ऐप के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे चैटिंग शुरू की। फिर, यूपी कॉलेज के अंदर मिलने को बुलाया। जब वह वहां पहुंचे तो पहले उनसे इधर-उधर की बातें की। फिर, उन्हें गाली देने लगा। 

उन्होंने गाली देने से मना किया तो उसने अपने दो साथियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद तीनों ने उनकी जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे 3300 रुपये और उनका मोबाइल भी छीन लिया गया।

बरेका में झाड़ियों में आग लगी
बरेका के सेंट्रल मार्केट के पास गुरुवार की दोपहर झाड़ियों में आग लग गई। आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने बरेका के फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। माना जा रहा है कि किसी ने जलती बीड़ी या सिगरेट झाड़ी में फेंक दी होगी और उसके चलते ही आग लगी होगी।

पुरानी रंजिश में बेटे को पीटा, मां को धमकाया
वाराणसी के चकखरावन गांव में रंजिश में बड़वापुर निवासी शिवा पटेल व कांता पटेल ने संतलाल की पिटाई कर दी। संतलाल के पिता श्यामनारायण पटेल ने बड़ागांव थाने की पुलिस को बताया कि बीचबचाव करने पत्नी गायत्री पहुंची तो उसके साथ भी गालीगलौज कर धमकी दी गई।

विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
वाराणसी के कर्मनवीर निवासी विवाहिता की तहरीर पर चितईपुर थाने में पति सहित ससुराल के आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। कर्मनवीर की रहने वाली स्वाति सिंह की शादी 2018 में न्यूरायगंज, सीपरी बाजार, झांसी के रहने वाले वेदांत कटियार के साथ हुई थी।

ससुराल जाने के बाद दहेज को लेकर पति सहित परिजन ज्योति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पति वेदांत मुंबई में महिंद्रा फाइनेंस में मैनेजर था। स्वाति को अपने साथ वहां लेकर गया। मुंबई ले जाकर भी उसके साथ दुर्व्यवहार करता था।

कोरोना काल में स्वाति को पति मायके में छोड़कर चला गया। स्वाति की शिकायत पर चितईपुर थाने की पुलिस ने पति, देवर रामसिया, ससुर देवेंद्र सिंह कटियार, ननद गुंजन व ननदोई राजीव नंदन और ननद निधि, शुभी व नुपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

मोबाइल छीनकर भाग रहे दो बदमाश पकड़े गए
वाराणसी के खालिसपुर स्थित वेल्डिंग की दुकान से काम कर घर लौट रहे धीरज कुमार का मोबाइल बाइक सवार तीन बदमाशों ने छीन लिया। धीरज के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया जबकि तीसरा भागने में सफल रहा।

आरोपियों की पहचान जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना के मधुपूर गुतवन गांव के अनमोल सिंह और धीरज पटेल के रूप में हुई है। फूलपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों बदमाशों से मोबाइल बरामद कर लिया गया है। बाइक लेकर भागे तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। 

चौथे चरण के लिए उन्नाव रवाना हुए 653 पुलिसकर्मी
उन्नाव जिले में लोकसभा के चौथे चरण के चुनाव के लिए पुलिस लाइन से 69 दरोगा और 584 आरक्षी व मुख्य आरक्षी रवाना हुए। डीसीपी गोमती जोन मनीष कुमार शांडिल्य ने पुलिसकर्मियों की रवानगी से पहले उन्हें चुनाव आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के लिए चेताया। उन्होंने कहा कि अनुशासन में रहकर ड्यूटी न करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सूचना मिलते ही विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 

भगवानपुर में छह घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति
करोड़ों खर्च होने के बावजूद चिलचिलाती गर्मी में उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। बृहस्पतिवार को भगवानपुर और कैलाशपुरी इलाके में छह घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

भगवानपुर निवासी अतुल, पियुष और गरिमा यादव ने बताया कि दोपहर सवा बारह बजे बिजली कट गई जो शाम करीब 5:45 बजे बहाल हुई। बिजली विभाग के डाफी उपकेंद्र पर कई बार फोन किया लेकिन जानकारी नहीं मिली। इसके अलावा बंगाली कॉलोनी, गंगा प्रदूषण इकाई फीडर से संबंधित इलाके में पोल पर तार में आई गड़बडी की वजह से दो घंटे आपूर्ति बाधित रही।

ट्रांसफॉर्मर का डीओ उड़ने से डेढ़ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित
वाराणसी के सुंदरपुर नरिया मार्ग पर लगा ट्रांसफार्मर गुरुवार दोपहर जल गया। इस वजह से सुंदरपुर क्षेत्र में करीब डेढ़ घंटे आपूर्ति बाधित रही। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक चिलचिलाती गर्मी में बिजली की अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही है। उपकेंद्र से कटौती की जानकारी भी नहीं मिल रही है। अधिशासी अभियंता अनूप कुमार ने बताया कि ओवर लोडिंग की वजह से डीओ उड़ने की घटना बढ़ी है। फाॅल्ट रोकने के उपकरणों की क्षमता बढ़ाई जा रही है।

सदानंद पाठक ने पहला, अभिनव दूसरा और अंकुश ने जीता तीसरा पुरस्कार
प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर में वाद विवाद प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। इसके माध्यम से शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। प्रतियोगिता में सदानंद पाठक को पहला पुरस्कार मिला। इसके साथ ही अभिनव ने दूसरा और अंकुश ने तीसरा पुरस्कार हासिल किया है।

कॉलेज के तुलसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय मतदाता कार्यक्रम के तहत वाद विवाद प्रतियोगिता में अपनी ताकत को पहचान,आओ करे हम सब मतदान के तहत जागरूक किया गया। इस दौरान प्रवक्ता श्रीप्रकाश त्रिवेदी, मनोज कुमार पांडेय, रेनू कुमारी और जितेंद्र कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश कुमार सिंह ने किया।

काशी विद्यापीठ में बीए एलएलबी सप्तम सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा 15 मई को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीए एलएलबी के सप्तम सेमेस्टर सत्र 2023-24 के छात्रों की मौखिक परीक्षा 15 मई को होगी। विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि मौखिक परीक्षा विधि विभाग में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। विद्यार्थियों को व्यवहारिक कार्य,अभ्यास पुस्तिका के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है अन्यथा कि स्थिति में उनकी मौखिक परीक्षा नहीं होगी।

मतदान जागरूकता प्रतियोगिता में सदानंद अव्वल
पीएमश्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर में जनपद स्तरीय मतदाता कार्यक्रम में अपनी ताकत को पहचान, आओ करें हम सब मतदान विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। सदानंद पाठक प्रथम, अभिनव यादव द्वितीय और अंकुश कुमार चंद्रवंशी तीसरे स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य पीके झा ने विजेताओं और अन्य प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया। उन्होंने मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में मतदान के महत्व को रेखांकित किया।

निर्णायक मंडल में मनोज कुमार पांडेय, रेनु कुमारी, जितेंद्र कुमार शामिल रहे। संचालन प्रकाश कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर मनोज कुमार चौबे, प्रकाश त्रिवेदी मौजूद रहे। 

तीन खिलाड़ी स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए चयनित
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) फुटबाल नर्सरी के तीन खिलाड़ियों का चयन लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा-6 में हुआ है। इनके नाम क्रमश: पृथ्वी राज विश्वकर्मा, अंशु कुमार और सोनू डे हैं। ये जानकारी बृहस्पतिवार को फुटबाल प्रशिक्षिक भैरव दत्त ने दी। बताया कि मध्यमवर्गी परिवार से आने वाले तीनों खिलाड़ी प्रतिदिन बरेका इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर अभ्यास करते हैं।

पृथ्वी राज विश्वकर्मा स्ट्राइकर हैं जबकि अंशु-सेंटर हाफ और सोनू साइड बैक के बेहतरीन खिलाड़ी हैं। खिलाड़ियों के चयन पर खेल मैदान पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान बरेका स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव सुनील कुमार व सौरभ सक्सेना ने तीनों को पुरस्कृत किया।

महिला किसानों को खेती की नई तकनीक बताई
वाराणसी के चांदपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) में गुरुवार को कृषि में तकनीकी नवाचार को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें महिला किसानों को खेती की नई तकनीक बताई गई। आईसार्क के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने कहा कि महिला किसान घरेलू जिम्मेदारियों के साथ खेती में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कार्यशाला में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों और संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल रहे। 

बगैर अनुमति होटल और पोस्टर चिपकाने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को निरीक्षण के दौरान कई कमियां पाईं। जिसे दूर करने का निर्देश मातहतों को दिया। उन्होंने बगैर अनुमति के चलने वाले होटल और पोस्टर चिपकाने वालों पर कार्रवाई का आदेश दिया है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नरिया स्थित टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल के आसपास सार्वजनिक और निजी संपत्तियों पर पोस्टर चिपकाए गए हैं। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। आदेश दिया है कि जिनके पोस्टर चिपके हैं उनके विज्ञापन के पंजीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें। 

चोलापुर में डीएसटी ज्ञान केंद्र खुला, किसानों को मिलेगी हर जानकारी
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के कृषि प्रसार एवं संचार विभाग की ओर से चोलापुर में डीएसटी ज्ञान केंद्र खोला गया है। बृहस्पतिवार को केंद्र का उद्घाटन सूचना विभाग के पूर्व उपनिदेशक डॉ. नरसिंह राम ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डीएसटी ज्ञान केंद्र किसानों के लिए मददगार साबित होगा। यहां कृषि क्षेत्र से जुड़ी हर जानकारी मिलेगी।

डॉ. नरसिंह राम ने कहा कि युवाओं और किसानों के रोजगार के लक्ष्य को पूरा करना ज्ञान केंद्र का उद्देश्य है। इस दौरान परियोजना के मुख्य अन्वेषक प्रो. कल्याण घड़ेई, सहायक कुलसचिव बीएचयू रमेश कुमार निगम, डॉ. वीरेंद्र कमलवंशी, ग्राम प्रधान प्यारेलाल आदि लोग मौजूद रहे। 

यूथ बास्केटबॉल, 12 टीमों में होगा मुकाबला
जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से यूथ बास्केटबॉल प्रतियोगिता कोइराजपुर स्थित एक निजी स्कूल में होगी। प्रतियोगिता में जिले की 12 टीमों के 150 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव विभोर भृगुवंशी ने बताया कि 17वीं जिला स्तरीय यूथ (बालक/ बालिका) बास्केटबॉल प्रतियोगिता 13 से 16 मई तक कोइराजपुर के बास्केटबॉल कोर्ट में होगी। 

काशी विद्यापीठ में 15 को होगी पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ हिंदी विभाग के पीएचडी सत्र- 2021 के शोधार्थियों की प्री पीएचडी 2021 बैच की कोर्स वर्क परीक्षा 15 एवं 17 मई को होगी। हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग के अध्यक्ष प्रो. निरंजन सहाय ने बताया कि कोर्स वर्क परीक्षा मानविकी संकाय दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगी। इसके लिए शोध छात्र अपना प्रवेश पत्र 12 मई से विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। 

गंगा में उठी दो फीट ऊंची लहरें, नाव संचालन बंद
तेज हवाओं की वजह से गुरुवार को गंगा में दो फीट ऊंची लहरें उठीं। इस वजह से जल पुलिस ने शाम पांच बजे से नौका संचालन पर रोक लगा दी और स्पीडबोड से गंगा में निगरानी तेज कर दी। इसके बाद भी नाव चला रहे करीब 150 नावों चालकों को चेतावनी दी। जल पुलिस प्रभारी ने बताया कि सुरक्षा को लेकर शाम पांच बजे से नौका संचालन पर प्रतिबंध लगना पड़ा। क्रूज संचालन पर रोक नहीं लगी। क्योंकि क्रूज पर ऊंची लहरों का कोई असर नहीं होगा। 

नौका संचालन बंद होने से मायूस हुए पर्यटक
शाम को गंगा में नौका संचालन बंद होने की वजह से पर्यटक गंगा में सैर करने और उसपार जाने से वंचित हो गए। दिल्ली से काशी विश्वनाथ धाम दर्शन करने आई अदिति शर्मा और कोलकाता कि किरण चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने नाव में बैठकर शाम की गंगा आरती देखने का प्लान बनाया था, लेकिन प्रतिबंध की वजह से गंगा आरती देखने से वंचित होना पड़ा।

राजकीय महाविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय खोलने की मांग
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के शिक्षा सलाहकार और यूजीसी के पूर्व चेयरमैन प्रो. डीपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें पदाधिकारियों ने राजकीय महाविद्यालय चुनार परिसर में विश्वविद्यालय खोलने की मांग की है। पदाधिकारियों ने अपने ज्ञापन में कहा कि मां विन्ध्यवासिनी के नाम से मिर्जापुर जनपद में एक विश्वविद्यालय खोला जा रहा है। इसके ठीक बगल में एक निजी विश्वविद्यालय खुल रहा है। 

महासंघ के पूर्व संयुक्त महामंत्री डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित ने बताया कि इस विश्वविद्यालय से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी से सम्बद्ध मिर्जापुर, सोनभद्र और संत रविदास नगर के कई महाविद्यालय संबद्ध होंगे। संत रविदास नगर में रहने वालों के लिए यहां तक पहुंचने में मशक्कत करनी होगी। अगर विश्वविद्यालय राजकीय महाविद्यालय चुनार को अधिगृहित करके यहां पर खोला जाएगा तो सभी जनपदों के महाविद्यालयों के लिए पहुंच सीमा में होगा। 

प्रो. टी ओनिमा फेडरेशन कप की तकनीकी टीम में
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने गुरुवार को फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए तकनीकी टीम के सदस्यों की घोषणा की। इसमें बीएचयू के शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रो. टी ओनिमा रेड्डी को भी शामिल किया गया है। फेडरेशन कप एथलेटिक्स प्रतियोगिता ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 12 से 15 मई तक होगी। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगे। 

रसोइयों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य
परिषदीय विद्यालयों में मीड-डे मील बनाने वाले रसोइयों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया है। अब महिलाएं भूरे कलर की साड़ी और पुरुष भूरे कलर का पैंट और हल्के गुलाबी कलर की शर्ट पहनेंगे। साथ ही ग्लव्ज भी पहनने होंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि साफ-सफाई को ध्यान में रखते हुए इसे पुन: लागू किया गया है। जिससे बच्चों को साफ-सुथरा भोजन मिल सके। 

केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों का स्वागत
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में कक्षा एक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विद्या प्रवेश कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। इस दौरान अभिभावक भी मौजूदगी रहे। प्राचार्य डॉ. चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में अभिभावकों को उनके बच्चों के प्रति और विद्यालय के प्रति जिम्मेदारियां भी बताई गई। 

शिक्षकों को चेक से भुगतान की मांग
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल के जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र देकर शिक्षकों का भुगतान चेक से करने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह के निर्देश पर मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह, मंडल मंत्री सत्येंद्र सिंह ने वाराणसी एवं गाजीपुर ,जौनपुर ,चंदौली के जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र दिया है।

इसमें शिक्षा निदेशक माध्यमिक के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि शिक्षकों को जो भी भुगतान हो वह चेक के माध्यम से किया जाए। मीडिया प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि पत्र के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो माध्यमिक शिक्षक संघ आंदोलन की राह पर चलेगा।

बसपा प्रत्याशी अतहर जमाल लारी आज करेंगे नामांकन
बसपा के वाराणसी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी अतहर जमाल लारी शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी के स्तर पर बृहस्पतिवार की देर शाम तक नामांकन संबंधी जो भी औपचारिकताएं हैं, उसको पूरा कराया गया। जिलाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पार्टी के प्रत्याशी चौकाघाट स्थित चुनाव कार्यालय से दोपहर 12 बजे निकलेंगे। इस दौरान बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर घनश्याम चंद खरवार सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।

बरेका में चतुर्थ श्रेणी की 27 कर्मचारी हुईं सम्मानित
बनारस रेल इंजन कारखाना में बृहस्पतिवार को महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष गौरी श्रीवास्तव और सचिव श्वेता सिंह के नेतृत्व में 27 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने मई दिवस के अवसर पर बरेका में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी की 27 कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले सभी कर्मचारी बरेका में 20 साल की सेवा कर चुके हैं या सेवानिवृत्ति होने वाली है। इस दौरान संगठन की महिला सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की कोषाध्यक्ष अनुप्रिया सिंह, वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहीं। 

अबू तालिब की विलादत का मनाया गया जश्न सजी महफिल
जनाबे अबू तालिब की विलादत का जश्न गुरुवार को मनाया गया। जश्न की शुरुआत मस्जिद कायम भेलूपुरा में सुबह की नमाज के बाद महफिल से हुई। दिन में दरगाहे फातमान में महफिल हुई। महफिल में तकरीर करते हुए शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैयद फरमान हैदर ने बताया कि अबू तालिब का एहसान इंसानियत और इस्लाम दोनों पर है। उनके बेटे हजरत अली पल-पल मोहम्मद साहब के साथ रहे।

शाम के सत्र में मस्जिद मुजीब में प्रो. अजीज हैदर की सदारत में महफिल हुई। इसमें डॉ. शफीक हैदर, अतश बनारसी, रेहान बनारसी आदि ने कलाम पेश किए। मस्जिद नादे अली, सादे खां, बजरडीहा, अर्दली बाजार, नक्खी घाट, दुलहीपुर पर भी महफिलें हुईं।

शोभायात्रा निकालकर भगवान परशुराम की प्रतिमा की होगी प्राण प्रतिष्ठा
अक्षय तृतीया पर परशुराम जी भगवान विष्णु के अंश के रूप में अवतरित हुए थे। शुक्रवार को उनकी जयंती उल्लास के साथ मनाई जाएगी। धर्मसंघ और लक्ष्मी कुंड में स्थापित परशुराम मंदिर में विधिवत पूजा होगी। ब्राह्मण समाज के लोग विशेष पूजा करेंगे। जयंती पर शोभायात्रा निकाली जाएगी।

भगवान परशुराम जयंती पर व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा करने पुण्यफल की प्राप्ति होती है। धर्मसंघ में विधिवत पूजन होगा। ब्राह्मण विकास समिति व ब्रह्मराष्ट्र एकम् की ओर से शुक्रवार को सुबह सात बजे से लक्ष्मीकुंड से शोभायात्रा निकाली जाएगी। केंद्रीय ब्राह्मण महासमिति के मुख्य संयोजक सतीशचंद्र मिश्र ने बताया कि प्रदेश के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, मेयर अशोक तिवारी आदि शामिल होंगे। इस दौरान दशाश्वमेध घाट स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर में भगवान परशुराम की 2.5 फीट की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी।

बीएचयू हिंदी विभाग के अध्यक्ष सम्मानित
पब्लिक रिलेशंस सोसायटी ऑफ इंडिया, वाराणसी चैप्टर की ओर से बृहस्पतिवार को बीएचयू के हिंदी विभाग में मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान एक पोस्टर का लोकार्पण बीएचयू हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ अनूप ने किया। कहा कि लोकतंत्र की महत्ता के लिए मतदान कितना आवश्यक है। 


यह संदेश हर मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी आफ इंडिया वाराणसी चैप्टर के पूर्व चेयरमैन और बीएचयू के जनसंपर्क अधिकारी डा. राजेश सिंह, सचिव प्रदीप कुमार उपाध्याय ने हिंदी पत्रकारिता एवं जनसंपर्क की शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. वशिष्ठ अनूप को सम्मानित किया। कार्यक्रम में हर्ष अग्रवाल, श्वेता तिवारी, प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल, प्रो.श्रद्धा सिंह, डॉ. आभा गुप्ता ठाकुर आदि लोग मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed