एक क्लिक में वाराणसी की 5 खबरेंः बेटे की गिरफ्तारी की बात कह कर 1.25 लाख ऐंठे, कथित पति के खिलाफ केस
Varanasi News: वाराणसी में अपराध की कई खबरें सामने आईं। इनमें से पांच खबरें प्रमुख हैं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुईं इन घटनाओं के बाद पुलिस ने नियम के अनुसार कार्रवाई की है। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
वाराणसी के महमूरगंज क्षेत्र निवासी आलोक कुमार को साइबर जालसाजों ने सवा लाख रुपये की चपत लगा दी। घटना के संबंध में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आलोक कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका बेटा हत्या और दुष्कर्म के आरोपियों को लिफ्ट देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सवा लाख रुपये देने पर उसे छोड़ने की बात कही गई। घबरा कर उन्होंने सवा लाख रुपये ट्रांसफर कर दिया।
दुष्कर्म में पकड़ा गया है बेटा... छुड़ाना है तो 40 हजार दो
पुलिस इंस्पेक्टर बोल रहा हूं... बेटे को जेल जाने से बचाना है तो तत्काल 40 हजार रुपये गूगल पे करो। यह कह कर साइबर जालसाज ने चुकहां गांव निवासी श्याम सुंदर को 40 हजार रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की तहरीर पर शुक्रवार को चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
श्याम सुंदर ने पुलिस को बताया कि उनके व्हाट्स एप नंबर पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा कि मैं पुलिस इंस्पेक्टर बोल रहा हूं। तुम्हारा बेटा दुष्कर्म के मुकदमे में पकड़ा गया है। इसके बाद उसने श्याम सुंदर को उनके बेटे की आवाज सुनाई।
उनका बेटा रोते हुए बार-बार कह रहा था कि पापा जेल जाने से बचा लो। इसके बाद कॉल करने वाले ने कहा कि हम आपके बेटे को जेल जाने से बचा लेंगे। इसके लिए 40 हजार रुपये तुरंत गूगल पे करना होगा। श्याम सुंदर ने बताया कि आनन-फानन में उनकी पत्नी के भाई ने कॉल करने वाले के नंबर पर 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया।
इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को फोन किया तो उसने बताया कि वह सही है और उसे कोई नहीं पकड़ा था। तब जाकर श्याम सुंदर को पता लगा कि वह साइबर ठगी के शिकार हुए हैं।
कथित पति के खिलाफ केस दर्ज
संयुक्त पुलिस आयुक्त के आदेश पर शरीरिक व मानसिक शोषण करने, जबरदस्ती गर्भपात करवाने, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी तथा आरोपी पति द्वारा दूसरी शादी करने के मामले में लालपुर थाने में नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
आजमगढ़ की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि मेरे पति दीपक चौरसिया ने उसे प्रेम-प्रसंग में फंसाकर आठ वर्ष पहले मन्दिर में हिन्दू रीति रिवाज से शादी की, जबकि वो दूसरे धर्म की थी।
पीड़िता आजमगढ़ से एक मार्केटिंग कम्पनी में नौकरी करने के लिए सन 2017 में आई थी उसी कम्पनी में सीनियर पद पर दीपक चौरसिया निवासी गोरखपुर में कार्यरत थे उनसे जान पहचान के उपरान्त प्रेम सम्बन्ध स्थापित हुआ तथा फलस्वरूप सन 2017 में ही दीपक चौरसिया ने हिन्दू रीति-रिवाज से मन्दिर में विवाह कर लिया।
आरोप है कि विवाह के कुछ महिनों के बाद गर्भ धारण हुआ जो पति द्वारा जबरदस्ती गर्भपात करवा दिया गया। समय बीतता गया और मेरे कथित पति द्वारा अब 2017 से लगातार दैहिक शोषण किया जाता रहा।
मना करने पर भी दीपक जबरदस्ती अप्राकृतिक यौन शोषण करता है। पीड़िता का तीन से चार बार गर्भ धारण हुआ, परन्तु हर बार दीपक ने डरा-धमका कर गर्भपात करवा दिया। उसने विवाह का पंजीकरण करने हेतु कहने पर मेरे पति दीपक द्वारा हर बार टाल-मटोल करके इनकार कर दिया जाता रहा।
उसे पता चला कि दीपक ने दूसरी शादी कर ली है। वर्तमान में दूसरी पत्नी के साथ महेशपुर (लहरतारा) में किराए की मकान में रहता भी है। मेरी अश्लील वीडियो व फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बना रहा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर लालपुर पुलिस ने कथित पति दीपक चौरसिया के खिलाफ तमाम संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मंगेतर ने बनाया न्यूड वीडियो, वायरल करने की दी धमकी
वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र के एक गांव की एक युवती का फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसका न्यूड वीडियो उसके मंगेतर ने ही वायरल कर दिया। प्रकरण को लेकर जौनपुर जिले के मड़ियाहूं क्षेत्र के राजापुर नंबर-1 निवासी किशन से कुमार के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी किशन के साथ तय थी। शादी तय होने के बाद दोनों में बातचीत होने लगी। वीडियो कॉल कर किशन ने उसका फोटो-वीडियो बना लिया। उन्हीं फोटो और वीडियो को एडिट कर उसने अश्लील रूप दे दिया।
इसके बाद उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वायरल कर दिया। जानकारी होने पर किशन को वीडियो वायरल न करने के लिए मना किया गया तो वह नहीं माना। उल्टे धमकाता है कि बड़ागांव थाना खरीद लूंगा और कोई मेरा कुछ नहीं कर पाएगा।
इसके साथ ही किशन ने जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष आशीष मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
ससुर के खिलाफ बहू ने दर्ज कराया मुकदमा
बरेमा गांव की रहने वाली संजू सिंह ने जंसा थाने में प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सुबह घर की सफाई कर रही थी। उसी दौरान उनके ससुर रामचंद्र गालीगलौज करते हुए आए और चीनी मिट्टी की बड़ी प्याली से उनके सिर पर वार कर दिया। उनके पति पवन सिंह के साथ भी ससुर ने मारपीट की। प्रार्थना पत्र के आधार पर जंसा थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।