News Updates: मीरघाट पर मिला युवक का शव, पुलिस कर रही शिनाख्त; ज्ञानवापी से जुड़े तीन मामलों में सुनवाई टली
Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। मंगलवार की सुबह दशाश्वमेध थानांतर्गत मीरघाट में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गए। वहीं, राहुल गांधी के बयान को लेकर विभिन्न संगठनों में नाराजगी जारी है। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें।
विस्तार
प्रथम दृष्टया मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। बदन पर केवल अंडरवीयर था। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय पुलिस को शव सुपुर्द कर दिया गया है। दशाश्वमेघ पुलिस अज्ञात लावारिस शव का पंचनामा करने के बाद मर्चरी में भेज दिया।
किन्नरों ने किया हंगामा
रोहनिया थाना क्षेत्र के एक गांव में किसी बात को लेकर किन्नरों ने विवाद खड़ा कर दिया। रोहनिया थाना पहुंचे किन्नरों ने मारपीट का आरोप लगा कर प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी ने हिंदुओं का अपमान किया, तुरंत मांगे माफी
अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संपूर्णानंद पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी ने हिंदुओं का अपमान किया है। संसद में उनके वक्तव्य की जितनी निंदा की जाए कम है। यह केवल हिंदू समाज का अपमान नहीं बल्कि समूचे भारतीय संस्कृति और सनातन का अपमान है।
राहुल गांधी को हिंदुओं और देश से तुरंत माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश महासचिव प्रशासनिक आशीष मोहन, प्रदेश महामंत्री चंद्रमौली चतुर्वेदी ने भी बयान की निंदा की है।
उधर, नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेताओं ने भी सोमवार को प्रतिक्रिया दी। पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राहुल की टिप्पणी की है वह निंदनीय है। उन्हें सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। कहा कि राहुल के बयान से कांग्रेस का हिंदू विरोधी चेहरा एक बार फिर बेपर्दा हो गया।
पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि राहुल के बयान, देश और दुनिया में रहने वाले पूरे हिंदू समाज का अपमान है। राहुल को यदि हिंदू इतने ही हिंसक और बुरे लगते हैं तो चुनाव के समय कपड़े के ऊपर जनेऊ धारण कर मंदिरों में घूमने की क्या जरूरत है।
राहुल गांधी के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे भाजपा नेता
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राहुल गांधी के संसद में दिए गए बयान को भाजपा के नेता तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। हिंदू धर्म की ठेकेदारी का जिम्मा उठाए भाजपा नेता अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। दस साल में देश यह जान चुका है कि भाजपा देश के असल मुद्दों से भटकाने के लिए धर्म व संप्रदाय का इस्तेमाल करती है।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि देश व काशीवासियों से निवेदन कर रहा हूं, जिन्हें भगवान शिव की छवि से आपत्ति है ऐसे लोगों से सावधान रहिए क्योंकि भाजपा पूरा हिंदू समाज नहीं है, ये भाजपा का ठेका नहीं है।
भाजयुमों ने फूंका राहुल का पुतला
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पांडेयपुर चौराहे पर राहुल गांधी का पुतला दहन किया। राहुल के हिंदू वाले बयान पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कहा कि कांग्रेस नेता भगवान शिव और हिंदुओं से माफी मांगे।

जनसुनवाई में पहुंचे कैंसर पीड़ित, आयुष मंत्री ने दिया मदद का भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंपर्क कार्यालय में सोमवार को प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने जनसुनवाई की। इस दौरान 250 लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। इस दौरान कुछ कैंसर मरीज भी पहुंचे जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण इलाज नहीं करा पा रहे हैं।
उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई। राज्यमंत्री ने उन्हें सरकार से हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। राज्यमंत्री ने कहा कि पीड़ितों को एक ही समस्या के लिए बार-बार न दौड़ना पड़े, ऐसे में समस्याओं का पहली बार में ही समाधान हो यह प्राथमिकता रही है। इस दौरान शिवशरण पाठक, जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी, डॉ. हरदत्त शुक्ला, राहुल पांडेय मौजूद रहे।
नए कानून का विरोध करेगी बार कौंसिल
देश में पहली जुलाई से लागू तीनों नए कानूनों (भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य संहिता) के विरोध का निर्णय बार कौंसिल ऑफ इंडिया ने लिया है। प्रदेश के सभी बार एसोसिएशन से 6 जुलाई को अपने-अपने स्तर से विरोध करने का आह्वान करते हुए 5 जुलाई तक सुझाव मांगा गया है।
इस बाबत बार कौंसिल ऑफ इण्डिया में 6 जुलाई तक अपनी बात रखने के लिए सभी बार कौंसिल अपना विचार रखेगी फिर आगे निर्णय लिया। उक्त जानकारी बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शिव कुमार गौड़ ने पत्र के माध्यम से बार एसोसिएशन को प्रेषित की है।
दो महिलाओं ने दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
दो अलग-अलग महिलाओं ने घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। प्रेमचंद नगर कॉलोनी की रहने वाली शिप्रा ओझा ने बताया कि उनकी शादी 2019 में अंशुमान ओझा के साथ सारनाथ के एक होटल से हुई थी।
शादी के बाद दहेज को लेकर अक्सर उनका उत्पीड़न होता था। पति शराब पीकर मारते-पीटते थे। शिप्रा ने पुलिस से गुहार लगाई। इस पर पुलिस ने पति अंशुमान, सास-ससुर और ननद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दूसरे मामले में दौलतपुर की रहने वाली मीना मिश्रा ने बताया कि उनके पति सुनील कुमार अक्सर शराब के नशे में उन्हें मारते-पीटते हैं। वह उनका शारीरिक और मानसिक शोषण भी करते हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गल्ले की दुकान निलंबित कोटेदार के खिलाफ मुकदमा
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के निर्देश पर आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत गंजारी की सरकारी सस्ते गली की दुकान को निलंबित कर कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई राशन वितरण में भारी धांधली की शिकायत मिलने पर किया।
गंजारी गांव के ही विनय कुमार सिंह ने पिछले वर्ष कोटेदार के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत किया था, जिस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक राजातालाब को जांच सौंप थी, लेकिन जांच से शिकायत करता संतुष्ट नहीं हुआ पुणे जिलाधिकारी ने जिलास्तरीय टीम भेज कर जांच कराई तो खाद्यान्न वितरण में भारी अनिमियतिता पाई गई।
वहीं, कोटेदार द्वारा कोरोना काल के दौरान फर्जी राशन कार्ड बनाकर खाद्यान्न वितरण में धांधली किया था। जिस पर जिलाधिकारी ने दुकान को निरस्त कर कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा नेता ने अपने भाई-भाभी, भतीजे सहित सात अन्य पर केस किया
नेवादा, सुंदरपुर निवासी और भाजपा के रविदास मंडल के नेता शत्रुघ्न प्रसाद पटेल ने लंका थाने में सोमवार को भाई, भाभी, भतीजे और सात अज्ञात के खिलाफ मारपीट, चहारदीवारी ढहाने और धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शत्रुघ्न प्रसाद पटेल ने पुलिस को बताया कि उनकी एक पुश्तैनी संपत्ति भोगाबीर में है। वह तीन भाई हैं और तीनों के बीच 16 मार्च 2024 को बंटवारा हो चुका है। बंटवारे से प्राप्त अंश पर वह सोमवार को दीवार बनवा रहे थे। उसी दौरान उनके भाई मोहन लाल, भाभी प्रभावती देवी, भतीजा धीरेंद्र प्रताप उर्फ पवन और सात अज्ञात लोग आए।
सभी ने अचानक गाली-गलौज कर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद मजदूरों को लाठी-डंडे से मारा-पीटा। फिर, उनकी निर्माणाधीन दीवार ढहा कर भविष्य में निर्माण कराने पर परिवार के साथ जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर लंका शिवाकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वीडीए को फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां देगा क्रेडाई
वीडीए के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को वीडीए में वाराणसी बिल्डर्स डेवलपर्स एसोसिएशन की बैठक हुई। भवन निर्माण और विकास उपविधि 2008 (यथा संशोधित) एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर चर्चा की गई।
रामनगर, बाबतपुर सहित अन्य संयोजित स्थानों में विकास करने, फायर ब्रिगेड की सुविधा आदि कार्यों पर विचार विमर्श किया गया। स्वीकृत मानचित्रों के सापेक्ष ही निर्माण कार्य करने का अनुरोध किया गया। बिल्डर्स को नगर निगम, पीडब्लूडी से एनओसी लेने में हो रही समस्याओं के बारे में बताया।
उपाध्यक्ष ने बताया कि एक पोर्टल लांच किया गया है। इससे किसी भी भूमि का लैंडयूज, एचएफएल और भूमि नगर निगम में है या नहीं, इसकी जानकारी आसानी से मिल जाएगी।
वीडीए उपाध्यक्ष ने इस दौरान क्रेडाई से शिवपुर में लैंड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। ताकि बिजली सब स्टेशन का निर्माण कराया जा सके। एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ डेवलपर्स की समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन दिया।
जौनपुर से आई छात्रा का मकान मालिक ने किया शारीरिक शोषण, केस
जौनपुर से पढ़ने आई 19 साल की छात्रा का टकटकपुर भोजूबीर निवासी मकान मालिक ने लगभग छह माह तक शारीरिक शोषण किया। विरोध करने पर छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देता था।
छात्रा की शिकायत पर कैंट थाने की पुलिस ने टकटकपुर भोजूबीर निवासी बहादुर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा ने बताया कि वह 18 माह से बहादुर यादव के मकान में किराये पर रहकर पढ़ाई करती थी। 5-6 महीने से बहादुर उसके साथ छेड़खानी करता था। धीरे-धीरे उसका शारीरिक शोषण करने लगा और उसकी फोटो और वीडियो बना ली।
विरोध करने पर उसे वायरल करने की धमकी देता था। जब उसने बहादुर के परिजनों को आपबीती सुनाई तो उसके साथ मारपीट की गई और उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। इससे वह बेहोश हो गई। रास्ता न सूझने पर उसने तहरीर दी।
मासूम को कार ने रौंदा, मौत
वाराणसी के नदेसर से खरबूजा शहीद मार्ग पर मंगलवार रात तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने सात वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों और मोहल्ले वालों ने कार्रवाई की मांग कर कैंट थाने के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने आश्वासन देकर सभी को शांत कराया। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सोनभद्र जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र के धरहुआं का मूल निवासी गणेश कुमार पत्नी रीता देवी और दो बच्चों के साथ अंधरापुल इलाके में झोपड़ी में रहता है। मजदूर गणेश ने बताया कि उसका बड़ा बेटा लवकुश खेलते हुए नदेसर से खरबूजा शहीद मार्ग पर आ गया था। उसी दौरान तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने लवकुश को टक्कर मारते हुए कुचल दिया।।
ज्ञानवापी से जुड़े तीन मामलों में सुनवाई टली
जिला जज संजीव पाण्डेय की कोर्ट में मंगलवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अंसारी की तरफ से पक्षकार बनाने के लिए दाखिल निगरानी अर्जी पर सुनवाई 25 जुलाई को होगी।
पक्षकार बनाने संबंधित मुख्तार अंसारी की अर्जी दो मई को सिविल जज सीनियर डिविजन फास्ट ट्रैक प्रशांत कुमार की अदालत ने खारिज कर दी थी। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार अंसारी ने जिला जज की कोर्ट में निगरानी अर्जी दाखिल की थी।
सिविल जज सीनियर डिविजन फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रशांत कुमार की अदालत में ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के पुराने मामले में सुनवाई टल गई। अब अगली सुनवाई 6 जुलाई को होगी। अदालत में ज्ञानवापी से जुड़े एक अन्य वाद में सुनवाई अब 30 जुलाई को होगी।
प्रकरण के अनुसार, ज्योतिर्लिंग आदिविश्वेश्वर विराजमान की तरफ से बड़ी पियरी निवासी इंदु तिवारी और वाद मित्र अनुष्का तिवारी ने कोर्ट में वाद दाखिल किया है। इस मामले में बैरिकेडिंग हटाने, पूजा-पाठ और भव्य मंदिर निर्माण कराने की मांग की गई है।