फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   top and latest news of Varanasi

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरेंः लापता अधिवक्ता से मांगा गया स्पष्टीकरण, डॉक्टर के खिलाफ केस

Fri, 19 Apr 2024 07:56 PM IST
अमन विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 19 Apr 2024 07:56 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में आपराधिक खबरों के साथ कई छोटे-बड़े कार्यक्रम हुए भी आयोजित हुए। पुलिस विभाग ने शुक्रवार से शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस कारण प्रमुख चौराहों और तिराहों पर हड़कंप की स्थिति रही। इसी के साथ ही सिंधौरा में फर्जी दस्तावेज लगाकर महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फाइनेंस करा लिए गए। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
top and latest news of Varanasi
वाराणसी की खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सेंट्रल बार, बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक की। अधिकवक्ताओं ने निर्णय लिया कि लापता होकर सकुशल लौटे अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार पटेल से एसोसिएशन स्पष्टीकरण लेगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सेंट्रल बार के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह ने कहा कि अभी उनके कचहरी आने का इंतजार कर रहे हैं।

विज्ञापन


उनके आने पर स्पष्टीकरण लिया जाएगा और संतुष्ट न होने पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अधिवक्ता महामंत्री सुरेंद्र नाथ पांडेय, बनारस बार अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, महामंत्री कमलेश सिंह यादव, प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, मंगलेश दुबे, हरीशचंद्र मौर्य व रंजन मिश्र समेत अन्य मौजूद रहे। 
विज्ञापन


आज से शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ चलेगा अभियान
पुलिस विभाग शुक्रवार से शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाएगा। एसीपी विदूष सक्सेना ने बताया कि शराब पीकर गाड़ी चलाकर दुर्घटना करने की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे कुछ चौराहे, हाईवे और सड़कें चिंहित की गई हैं। जहां इस तरह की घटनाएं सबसे अधिक सामने आ रही हैं। इन जगहों पर ब्रेथ एनलाइजर मशीन के जरिए जांच की जाएगी। इसके अलावा जिन जगहों पर स्पीड ब्रेकर की जरुरत है, वहां स्पीड ब्रेकर भी लगवाए जाएंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


सचिव ने किया जिला जेल का निरीक्षण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव विजय कुमार विश्वकर्मा ने जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान कैदियों के रहने की व्यवस्थाएं देखी। कहीं कोई कमी नहीं मिली। इस दौरान जेल अधीक्षक उमेश सिंह मौजूद रहे। 

किशोर की मौत पर चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुराना रामनगर निवासी पूर्व भाजपा सभासद संतोष शर्मा के भतीजे प्रांजल शर्मा (15) की मौत के मामले में चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस आयुक्त के आदेश पर पुलिस ने नरिया लंका स्थित सहयोग चिकित्सालय के टीएस उपाध्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

13 सितंबर को इलाज के दौरान प्रांजल ने दम तोड़ दिया था। परिजनों की शिकायत पर सीएमओ ने टीम बनाकर जांच के आदेश दिए थे। जांच में पता चला कि डॉक्टर टीएस उपाध्याय ने प्रांजल को गलत तरीके से इंजेक्शन लगाया। चिकित्सकीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर चंद्रशेखर शर्मा ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाकर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। 

फर्जी दस्तावेज से एसी, फ्रिज कराया फाइनेंस, दो गिरफ्तार
सिंधौरा में फर्जी दस्तावेज से एसी व फ्रिज फाइनेंस कराने वाले मनीष कुमार निवासी गांव मधुमखिया थाना कपसेठी व चंदन सोनकर निवासी गांव चुरामनपुर मरेठवा पोखरा भुल्लनपुर पीएसी थाना लोहता को जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पिछले दिनों सत्येंद्र कुमार श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके नाम के आधार कार्ड और पैन कार्ड से इसे फाइनेंस कराया गया है।

दुकान में घुसा ट्रैक्टर, किशोरी घायल
वाराणसी के रामनगर में बालू लेकर आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दुर्गा मंदिर के पास ही एक दुकान में घुस गया। इससे 14 वर्षीय नेहा घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने लाल बहादुर चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। 

ट्रैक्टर में अचानक लगी आग
चौबेपुर क्षेत्र के गांव तिवारीपुर निवासी चंद्रशेखर तिवारी के घर के बाहर ट्रैक्टर खड़ा था। अचानक उसमें आग लग गई। इससे उसके आसपास रखा पुआल भी जल गया। ग्रामीणों ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाई। इससे कोई बड़ी दुर्घटना होने से रुक गई। 

कंपोजिट विद्यालय से पानी फिल्टर मशीन, पंखे चोरी
कंपोजिट विद्यालय पनियरा में चोरों ने बुधवार की रात में पानी की फिल्टर मशीन, पंखे चोरी कर लिए। हेड मास्टर संतोष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पंखे, मशीन के अलावा वाटर टुल्लू पंप व पांच हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। ग्राम प्रधान अरविंद पांडे ने बताया कि पहले भी तीन बार इस विद्यालय में चोरी की घटना हो चुकी है। 

लेनदेन के विवाद में सुपरवाइजर व कर्मी में मारपीट
पर्यटन स्थल सारनाथ में विकास कार्यों लगी कंपनी के गोंडा जिला निवासी सुपरवाइजर करन यादव व बिहार के महेंद्र कर्मी के रूप में काम करता है। दोनों के बीच लेनदेन के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया। 

बाइक चोर गिरफ्तार, तीन बाइकें बरामद
कैंट थाना एसआई सूर्यप्रकाश पांडेय ने बताया कि डीएम कंपाउंड के पीछे से बाइक चोर जिला जौनपुर के थाना कोइना के जलालपुर निवासी मिथिलेश को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तीन बाइकें भी बरामद की गईं।

नशेड़ी युवक ने मां को पीटा

वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर इलाके में स्थित अनजनीपुरम कॉलोनी निवासी पार्वती देवी ने बेटे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कहा कि आए दिन उनका बेटा हिमांशु उन्हें शराब के नशे में पीटता है। छोटे बेटे की भी पिटाई करता है।

पुलिस से कई बार शिकायत की मगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। बताया कि उनके पति की कोविड में मृत्यु हो चुकी है। सुंदरपुर चौकी प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि महिला की पिटाई करने वाले उसके बेटे की पुलिस तलाश कर रही है। 

पति के प्रताड़ना से क्षुब्ध महिला पहुंची थाने, मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित एक गांव की विवाहिता ने मिर्जामुराद थाने में पति के खिलाफ मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि पति-पत्नी के बीच मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। पत्नी की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
चिरईगांव के गांव तरयां के किसान लोकनाथ मिश्रा के खेत में गेहूं की फसल खड़ी थी। अचानक किसी तरह उसमें आग लग गई। पास में ही किसान अलगू राजभर के खेत में एक बीघा में गेहूं की फसल थी। वह भी जलकर खाक हो गई। ग्राम प्रधान संजय जैसवार ने बताया कि उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को सूचना दे दी। क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंच जांच कर ली है। 

दूषित पानी की आपूर्ति से लोग परेशान
वाराणसी शहर के पॉश एरिया रवींद्रपुरी एक्सटेंशन में दूषित पानी की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां लंबे समय से गंदा पानी आ रहा है। कई बार स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां लंबे समय से गंदा पानी आ रहा है। जिससे लोग बीमार हो रहे हैं। कई बार तो इतना गंदा पानी आता है कि पीना तो दूर, अन्य काम नहीं हो रहे हैं। नगर निगम केपीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि समस्या दूर कराने केलिए जलकल के कर्मचारियों को भेजा गया।

बीएचयू मालवीय भवन में सात दिन चलेगी योग कार्यशाला
बीएचयू मालवीय भवन स्थित योग साधना केंद्र में सात दिवसीय योग कार्यशाला का आयोजन 23 से 30 अप्रैल तक किया गया है। स्वर्णजयन्ती महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित कार्यशाला में विश्वविद्यालय के अध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी रोजाना सुबह 6.30 बजे से 7.30 बजे तक योग का प्रशिक्षण ले सकेंगे। मालवीय भवन कार्यालय दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक 22 अप्रैल तक पंजीकरण करवाया जा सकता है।

बीएचयू के प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी बने आईआईएसईआर में निदेशक
बीएचयू विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक और स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के प्रोफेसर अनिल कुमार त्रिपाठी को इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंस एजूकेशन एंड रिसर्च (आईआईएसईआर) मोहाली का निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पांच साल के लिए की गयी है।

प्रो.त्रिपाठी 1990 से बीएचयू में पढ़ा रहे हैं और 2002-2004 तक गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में भी काम किया है। वह फरवरी 2019 से जनवरी 2024 तक विज्ञान संस्थान, बीएचयू के निदेशक भी थे। कई शोध परियोजनाओं का नेतृत्व करने के अलावा उन्हें कई अवार्ड भी मिल चुका है।

प्रो. त्रिपाठी भारतीय विज्ञान अकादमी, भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी, राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी भारत इलाहाबाद, राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी समेत देश की प्रमुख विज्ञान अकादमी में फेलो भी है।

किओस्क मशीन पर एक क्लिक से अपने केस की संपूर्ण जानकारी लें
जनपद न्यायालय परिसर स्थित ई-सेवा केन्द्र में स्थापित किओस्क मशीन से अपने वादों के बारे में संपूर्ण स्थिति व जानकारी एक क्लिक करने पर प्राप्त की जा सकती है। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय कुमार विश्वकर्मा ने दी। 

उन्होंने बताया कि आम लोगों को उनके केसों की जानकारी प्रदान करने के लिए 16-कक्षीय न्यायालय भवन के भूतल पर मशीन स्थापित है। यहां पर पराविधिक स्वयं सेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि मशीन से अपने वादों की जानकारी प्राप्त करें।

काशी विद्यापीठ में 24 अप्रैल को होगी एलएलबी की छूटी मौखिकी परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और सम्बद्ध विधि महाविद्यालयों के एलएलबी (त्रिवर्षीय) पाठ्यक्रम के छात्रों की छूटी हुई मौखिकी परीक्षा 24 अप्रैल को होगी। विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रोँ रंजन कुमार ने बताया कि परीक्षा दोपहर एक बजे से होगी। विद्यार्थियों को व्यवहारिक कार्य/अभ्यास पुस्तिका के साथ उपस्थित होना जरूरी है।

हवन पूजन कर मां दुर्गा की प्रतिमा हुई विसर्जित
वाराणसी के शिवाला स्थित आनंदमयी आश्रम में मां दुर्गा की स्थापित प्रतिमा पूजन अर्चन के बाद विसर्जित की गई। नवरात्र में 14 अप्रैल से चल रहे पूजन अर्चन के क्रम में सुबह भी पूजा हुई। भक्तों ने माता की आरती उतारी। भजन कीर्तन किया। दोपहर में हवन हुआ। यज्ञशाला में भक्तों ने आहुतियां डालीं। इसके बाद गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न मार्गों से होकर शंकुलधारा पोखरा में जयकारे के साथ मां की प्रतिमा विसर्जित की गई।

यूडब्ल्यूडब्ल्यू अध्यक्ष को भेंट काशी निर्मित अंगवस्त्रम
वाराणसी के भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने किर्गिस्तान में यूनाइटेड वर्ल्ड रेशलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के अध्यक्ष नेनाद लालोविच को काशी निर्मित अंगवस्त्रम और अघोर साहित्य भेंट की। एशियाई देशों के कुश्ती संघों के अध्यक्षों की बैठक में संजय सिंह ने बताया कि कुश्ती भारत में प्राचीन काल से खेला जाता है।

काशी विद्यापीठ के छात्रों ने जानी घाटों से जुड़ी जानकारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पर्यटन अध्ययन संस्थान की ओर से छात्रों को घाट भ्रमण कराया गया। घाटों पर विविधता का अनुभव विषयक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट तक घाटों के निर्माण, उसके ऐतिहासिक महत्व सहित अन्य जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. ज्योतिमा, डॉ. पवन सिंह, डॉ. कृष्ण मोहन द्विवेदी, अनिल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

विकास श्रीवास्तव बने समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव
समाजवादी लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव विकास श्रीवास्तव को बनाया गया। इस आशय का पत्र समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव की ओर से पत्र जारी किया गया है। जिम्मेदारी मिलने पर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने बधाई दी है।

रोपवे के निर्माण में बाधक बने अतिक्रमण हटवाए

रोपवे के निर्माण में बाधक बनने वाले अतिक्रमण करने वालों को रथयात्रा से गिरिजाघर तक हटवाया गया। नगर निगम की टीम के अभियान से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। पिछले दिनों अभियान के दौरान हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद लोग नहीं मानें। अतिक्रमणकारियों ने दोबारा कब्जा जमा लिया था। जिसे देखते हुआ अभियान चलाया गया। 

30 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं
तीन दिन से दिन में चल रही तेज हवाओं और तीखी धूप से सड़क पर चलने में परेशानी हो रही है। दिन में करीब 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। शाम करीब पांच बजे के बाद हवा कम हुई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार दिन में तीखी धूप होने के साथ ही हवाएं भी चलती रहेंगी। गर्मी के राहत के आसार नहीं है। 

जिला शतरंज प्रतियोगिता में खेलेंगे 74 खिलाड़ी
जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 20 अप्रैल को मौलवी बाग कॉलोनी में आयोजित की जाएगी। इसमें बालक बालिका वर्ग मे कुल 74 खिलाड़ी खेलेंगे। उक्त जानकारी वाराणसी जिला शतरंज एसोसिएशन के मानद सचिव विजय कुमार ने बृहस्पवितार को दी। बताया कि यह प्रतियोगिता मौलवीबाग कॉलोनी (सोनिया पानी टंकी के पास) एक रिसर्च सेंटर में सुबह नौ बजे से खेली जाएगी। अंडर-17 (बालक व बालिका वर्ग) विजेता खिलाड़ी 22 अप्रैल से कौशांबी में आयोजित राज्य स्तरीय राज्य शतरंज चैंपियनशिप में खेलेंगे।

नवनियुक्त जिला जज ने संभाला कार्यभार
नवनियुक्त जिला जज संजीव पांडेय ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। सिविल कोर्ट स्थित कार्यालय पहुंचे जिला जज ने अफसरों के साथ बैठक की और जमानत अर्जियों पर सुनवाई की। जिला जज ने कहा कि अभियोजन जो भी आवश्यक प्रपत्र हो उसे अपडेट रखे नहीं तो जमानत अर्जियां निस्तारित कर दी जाएंगी। प्रभारी डीजीसी फौजदारी मुनीब सिंह चौहान ने पुलिस आयुक्त और सभी थाना प्रभारियों को पत्र भेजकर जिला जज के निर्देश की जानकारी दी।

जिला जज से प्रभारी डीजीसी फौजदारी और सिविल महेंद्र पांडेय के आलावा अन्य शासकीय अधिवक्ताओं ने औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान जिला जज ने कितने सहायक शासकीय अधिवक्ता है और उनके कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कार्यभार ग्रहण करने से पहले जिला जज ने बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन किए। 

अभियंताओं को दी जाएगी स्मार्ट मीटर का प्रशिक्षण
रिवैंप्ड स्कीम के अंतर्गत 4जी स्मार्ट मीटर लगने के पूर्व 20 अप्रैल को पूर्वांचल-डिस्कॉम के सभागार में अभियंताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक शंशू कुमार के निर्देश पर मुख्यालय के अभियंताओं के अलावा परीक्षण खंड के अभियंताओं को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण लेना होगा।

अभियंताओं को यह प्रशिक्षण मेसर्स जीएमआर के प्रतिनिधि देंगे। इसमें पूर्वांचल के चार दर्जन से अधिक अभियंता व अधिकारी शामिल होंगे। जिसमें मुख्यालय के मुख्य अभियंता सर्वेश खरे, चंद्रजीत कुमार, गुलाम मुस्तफा व अनिल कुमार जायसवाल, अधीक्षण अभियंता शशांक अग्रवाल, वकार अहमद, निसार अहमद व बृजेश कुमार शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यालय के कई अधिशासी व पूर्वांचल के लगभग सभी अधिशासी अभियंता (परीक्षण) शामिल होंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed