राजेशपति त्रिपाठी बोले: अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी टीएमसी, बनारस को केंद्र में रखकर यूपी में करेंगे पार्टी का विस्तार
तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश संयोजक और राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य राजेशपति त्रिपाठी ने
वाराणसी में कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों को लक्ष्य करके यूपी में संगठन नवनिर्माण का काम प्राथमिकता के साथ होगा। समान विचारधारा के दलों के बीच एक राजनीतिक धुरी बनाकर काम करने का प्रयास होगा।
विस्तार
तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश संयोजक और राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य राजेशपति त्रिपाठी ने कहा कि बनारस को केंद्र में रखकर तृणमूल कांग्रेस उत्तर प्रदेश में पार्टी का विस्तार करेगी। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव पार्टी अपने दम पर लड़ेगी। साथ ही लखनऊ में प्रदेश एवं बनारस में क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की जाएगी।
गुरुवार को गोदौलिया स्थित होटल में प्रेसवार्ता के दौरान त्रिपाठी बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों को लक्ष्य करके यूपी में संगठन नवनिर्माण का काम प्राथमिकता के साथ होगा। समान विचारधारा के दलों के बीच एक राजनीतिक धुरी बनाकर काम करने का प्रयास होगा।
ममता बनर्जी ने दिए ये आदेश
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों कोलकाता में ममता बनर्जी की अध्यक्षता में हुई कार्यसमिति की बैठक में उत्तर प्रदेश में पार्टी की ठोस राजनीतिक जमीन खड़ी करने कवायद और रणनीति पर अहम फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ममता बनर्जी ने बनारस को केंद्र में रखकर वाराणसी, मिर्जापुर और आजमगढ़ मंडल पर विशेष जोर देते हुए ठोस रणनीति पर काम करने के आदेश दिए हैं।
इस रणनीति के पीछे वजह भी साफ है कि पार्टी सूबे में स्वर्गीय पंडित कमलापति त्रिपाठी के प्रभाव क्षेत्र को सबसे पहले अपना आधार बनाना चाहती है। पार्टी के विस्तार के लिए प्रादेशिक और क्षेत्रीय कार्यालयों के विस्तार का काम तेजी से चल रहा है। साथ साथ सदस्यता अभियान और जिलों में संगठन को आकार देने का सिलसिला भी आरंभ होगा।