Sports: सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय कुश्ती में बनारसी मुल्तानी दाव का दम दिखाएंगी तीन खिलाड़ी, पढ़ें- अन्य खबरें
कमलापति त्रिपाठी बॉयज इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक व प्रवक्ता नाथुराम यादव को टीम मैनेजर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि अंडर-19 सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में वाराणसी की तीन बालिकाएं हिस्सा ले रही हैं।
विस्तार
69वीं माध्यमिक स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता हरियाणा के पानीपत में एक से पांच नवंबर तक आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता के लिए घोषित यूपी टीम में वाराणसी के आठ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चयनित खिलाड़ी वाराणसी के अलग-अलग अखाड़ों में कुश्ती का अभ्यास कर रहे हैं। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय कुश्ती में बनारसी मुल्तानी दाव का दम दिखाएंगे।
कमलापति त्रिपाठी बॉयज इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक व प्रवक्ता नाथुराम यादव को टीम मैनेजर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि अंडर-19 सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में वाराणसी की तीन बालिकाएं हिस्सा ले रही हैं। इसमें दो खिलाड़ी खुशी चौहान और आंचल यादव निवेदिता शिक्षा सदन में संचालित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के वाराणसी सेंटर में प्रशिक्षण ले रही हैं। तीसरी खिलाड़ी पायल यादव हैं।
पायल बीएचयू के शिवाजी हॉल में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. हरिराम यादव की देखरेख में अभ्यास करती हैं। अंडर-19 फ्री स्टाइल कुश्ती में साई सेंटर की खुशी व आंचल और अखरी निवासी पायल यादव यूपी टीम में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम मैनेजर नाथुराम यादव यूपी टीम को लेकर 31 अक्तूबर को हरियाणा के लिए रवाना होंगे।
इसे भी पढ़ें; MGKVP: काशी विद्यापीठ में प्रवेश परीक्षा देने वालों को एमएड में दाखिले का मौका, इस कोर्स में खाली हैं सीटें
पायल ने कुश्ती मैट पर किया अभ्यास
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगी गाजीपुर की प्रतिमा
राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती में वाराणसी मंडल के गाजीपुर की एक खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में खेलेंगी। नाथुराम यादव ने बताया कि मुबारकपुर के महमूदपुर सराय स्थित एमजेआरपी इंटर कॉलेज की छात्रा प्रतिमा यादव अंडर-19 बालिका वर्ग में खेलेंगी।
सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में तैयार होंगे छह खेलों के एकलव्य
सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज भेलूपुर में छह पारंपरिक भारतीय खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। छह खेलों के द्रोणाचार्य यहां एकलव्य की खेल प्रतिभा को निखारेंगे। इसका शुभारंभ बुधवार की सुबह स्कूल परिसर स्थित खेल मैदान पर होगा।
सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में खेल मैदान बनकर तैयार हो चुका है। यहां छह खेल मलखंभ, टेबल टेनिस, फुटबॉल, तीरंदाजी, सेपक टकरा, वॉलीबॉल का प्रशिक्षण खिलाड़ियों को दिया जाएगा। प्रधानाचार्य डॉ. अनुराग मिश्र ने बताया कि फिलहाल यहां प्रतिदिन दो सत्र में खेल आयोजित हो रहे हैं। फिलहाल यहां नेटबॉल और क्रिकेट का प्रशिक्षिण निजी एकेडमी की ओर से होता है। खिलाड़ियों को सुबह छह से आठ बजे और शाम चार से सात बजे तक प्रशिक्षण दिया जाता है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम के साथ अभ्यास और मैच खेलने के लिए अलग-अलग कोर्ट बनाए जा रहे हैं। खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप भी दी जाएगी। लगातार स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक पुरस्कार दिया जाएगा।
पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. विश्वनाथ दूबे की पहल पर वीडीए ने पूर्वांचल की खेल नर्सरी के लिए इंटर कॉलेज में जमीन तैयार कराई है। परिसर के मैदान पर खेल की बुनियादी सुविधाएं जल्द ही मिलने लगेंगी। डॉ दूबे ने बताया कि पहले स्कूल के मैदान पर पानी लगता था लेकिन अब यह दिक्कत खत्म हो गई है। यहां निर्माण की कवायद 2016 से चल रही है इसका फायदा वर्तमान छात्रों को मिलने जा रहा है। खेल सुविधाओं का शुभारंभ कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव, वीडीए मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला, आरएसएस काशी प्रांत के विभाग प्रचार नितिन बृहस्पतिवार को संयुक्त रूप से करेंगे।
राष्ट्रीय तीरंदाजी के टार्गेट मार्किंग शुरू, समिति ने लिया तैयारियों का जायजा
राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता संपन्न कराने के लिए मैदान में मार्किंग का काम शुरू हो गया है। आयोजन समिति के सदस्यों ने मंगलवार दोपहर आयोजन स्थल लालपुर के डॉ भीमराव आंबेडकर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों के 1200 खिलाड़ी तीन वर्ग (रिकॉर्व, इंडियन और कंपाउंड) की स्पर्धा में दमखम दिखाएंगे।
काशी में पहली बार माध्यमिक स्कूली तीरंदाजी 19 से 21 नवंबर तक लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में खेली जाएगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक वाराणसी मंडल दीनेश सिंह ने बताया कि तैयारियों को मुकम्मल करने के लिए आयोजन समिति के साथ बैठक करने के बाद स्थल का निरीक्षण किया गया। इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों की टीमें वाराणसी आएंगी।
आयोजन समिति के सदस्य डॉ. एके सिंह ने बताया कि तीरंदाजी के लेन और टार्गेट लगाने के लिए स्थल का चुनाव करने के साथ दिशा का ध्यान रखा जा रहा है। टार्गेट लगाने में हवा चलने की संभावित दिशा और उससे खेल प्रभावित न हो सके, इसके लिए अस्थायी बैरिकेडिंग कराई जाएगी। निरीक्षण के बाद तय किया गया कि टार्गेट और खिलाड़ी की पोजीशन किधर होगी। खिलाड़ियों के टेंट कहां लगेंगे। इस प्रतियोगिता में अंडर-14 आयुवर्ग में 1200 बालक-बालिका खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। इसमें रिकॉर्व, इंडियन और कंपाउंड की स्पर्धा होगी।
अल्तमश के हेडर से बरेका ने पहाड़ी गांव की टीम को हराया
फुटबॉल कोच भैरव दत्त ने बताया कि टॉस जीतकर पहाड़ी गांव ने बॉल किक करने का चुनाव किया। मैच शुरू होते ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच का पहला गोल पहाड़ी गांव की टीम के फाॅर्वर्ड खिलाड़ी ध्रुव ने किया। पहले हाफ तक पहाड़ी गांव की टीम एक गोल के बढ़त पर रही। दूसरे हाफ में बरेका की टीम ने छोटे पास और मैन टू मैन मार्किंग के साथ खेलना शुरू किया। दूसरे हाफ के 9वें मिनट में अनन्य ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद करीब दस मिनट तक दोनों टीमों ने एक दूसरे के गोलपोस्ट पर हमले किए लेकिन गोल नहीं हुआ। मैच समाप्त होने के तीन मिनट पहले ओम के कॉर्नर पास पर अल्तमश ने हेडर के जरिये बॉल गोलपोस्ट में डालकर मैच में 2-1 की बढ़त हासिल कर लिया और यह मैच एक गोल के अंतर से जीत लिया।
प्रादेशिक हैंडबॉल टीम का चयन ट्रायल कल
खिलाड़ियों को दी बॉल रिसीव और रिवर्स करने की ट्रेनिंग
बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में मंगलवार की सुबह बीएचयू के शारीरिक शिक्षा विभाग के खिलाड़ियों को वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया गया। प्रो. अभिमन्यु सिंह ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों को बॉल रिसीव करने के साथ उसे दूसरे पाले में फेंकने की तकनीकी की जानकारी दी। बताया कि वॉलीबॉल में फुटवर्क के अलावा हाथ की कलाइयों से लेकर कंधे के सपोर्ट से बॉल को उछालना होता है। उन्होंने हाथों की अलग-अलग अंगुलियों से बॉल रोकने और अपने साथी खिलाड़ी को पास करने की तकनीक बताई। कहा कि हाथ की अंगुली, कलाई, एल्बो से नीचे और कलाइयों से ऊपर के भाग का इस्तेमाल बॉल को स्विंग करने में होता है। यहां आगामी राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए भी खिलाड़ियों को ट्रैंड किया जा रहा है।