सोनभद्र व जौनपुर में डूबने से तीन की गई जान, चचेरी बहनों की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
सोनभद्र के विंढमगंज स्थित जोरुखाड़ गांव के पास मलिया नदी में डूबकर बालिका की जान चली गई। वहीं जौनपुर में तालाब में डूब रही किशोरी को बचाने के चक्कर में चचेरी बहन की भी जान चली गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और जौनपुर में डूबने से दो किशोरी व एक बालिका की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक जगह उफनाई नदी में तो वहीं दूसरी जगह तालाब में डूबने से हादसा हुआ है।
सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव के पास मंगलवार को मलिया नदी में डूबने से बालिका की मौत हो गई। वह गाय चराने नदी किनारे गई थी। नदी पार करने के दौरान बहाव की चपेट में आई। पुलिस शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
जोरुखाड़ गांव निवासी रामअवतार की पुत्री आशा (11) मंगलवार को गाय चराने नदी की ओर गई थी। गाय को लेकर नदी की दूसरे तरफ जाने लगी। बारिश के कारण उफनाई नदी के बहाव में फंसकर वह डूबने लगी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग उस ओर दौड़े। काफी मशक्कत से बालिका को नदी से बाहर निकाला गया, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने सूचना हलका लेखपाल व पुलिस को दी।
जौनपुर में दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत
केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी पुलिस चौकी अंतर्गत पौनी गांव में तालाब में डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई। दोनों चचेरी बहन थीं। घटना सोमवार शाम की है। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार की शाम पौनी गांव के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव की बेटी व भतीजी दोनों घर के सामने तालाब के किनारे पशुओं के लिए चारा काट रही थीं। तभी 16 वर्षीय रिया यादव पुत्री वीरेंद्र यादव असंतुलित होकर तालाब में गिर गईं। वह डूबने लगी तभी बचाने के लिए 17 वर्षीय रीमा यादव पुत्री रामजीत यादव भी तालाब में कूद गई। लेकिन, तालाब गहरा होने से दोनों की डूबकर मौत हो गई। दोनों किशोरियों को डूबता देख साथ खेत में चारा काट रही पड़ोस की एक युवती ने उनके परिजनों को जाकर बताया। परिजनों ने दोनों को किसी तरह तालाब से बाहर निकाला। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।