Sports: प्रादेशिक तैराकी में स्टैमिना दिखाएंगे वाराणसी मंडल के 30 खिलाड़ी, सात राष्ट्रीय तैराक भी होंगे शामिल
Varanasi News: सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद इंडोर स्विमिंग पूल में शिविर में 50 तैराकों में से प्रादेशिक प्रतियोगिता के लिए 30 खिलाड़ी चुने गए हैं। तीन से पांच जुलाई तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होने वाली प्रतियोगिता में ये स्टैमिना दिखाएंगे।
विस्तार
तैराकी संघ ने प्रादेशिक प्रतियोगिता के लिए वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों की सूची मंगलवार को जारी कर दी है। मंडल की 30 सदस्यीय टीम प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेगी। क्रीड़ाधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि प्रादेशिक तैराकी 3 से 5 जुलाई तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होगी। मंडलीय टीम के शॉर्टलिस्टेड 50 खिलाड़ियों को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में साप्ताहिक शिविर में प्रशिक्षण दिया गया और इसमें से 30 खिलाड़ी प्रादेशिक के लिए चुने गए।
वाराणसी तैराकी संघ के सचिव शंभू प्रसाद ने बताया कि जिला और मंडलीय टीम का चयन ट्रायल सिगरा स्टेडियम में हुआ। इसमें 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। बालिका वर्ग में 10 और बालक वर्ग में 20 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट हुए। 1500 मीटर फ्री स्टाइल में सुमित कुमार बालिका वर्ग में रिया पटेल और गायत्री, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में कार्तिक साहनी और आकाश त्रिपाठी बालिका वर्ग में श्वेता साहनी खेलेंगी। 200 मीटर बैक स्ट्रोक में अदिति सिंह, बालक वर्ग में आदित्य मिश्रा वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चार स्पर्धा में खेलेंगे राजघाट के हिमांशु
गंगा में तैराकी सीखकर निकले राजघाट निवासी अंडर-11 आयुवर्ग के खिलाड़ी हिमांशु साहनी प्रादेशिक तैराकी में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। कक्षा चार के छात्र हिमांशु ने मंडलीय तैराकी की चार स्पर्धाएं खेलीं और चारों स्वर्ण अपने नाम किया। कोच शक्ति साहनी ने बताया कि हिमांशु को उन्होंने पांच साल की उम्र में तैराकी का प्रशिक्षण देना शुरू किया था। इसके तीन साल बाद स्विमिंग पूल में तैराकी का प्रशिक्षण शुरू हुआ। उन्होंने पहले ही साल 2025 में स्वर्ण जीता था।
लखनऊ में खेली जाएगी तैराकी प्रतियोगिता
यह प्रतियोगिता फ्री-स्टाइल में 50, 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर में होगी। बटरफ्लाई, बैक स्ट्रोक और ब्रेस्ट स्ट्रोक की स्पर्धा 50, 100 और 200 मीटर दूरी की होगी। व्यक्तिगत मेडले 200 और 400 मीटर जबकि फ्री स्टाइल रिले और मेडले रिले 4 गुणा 100 मीटर दूरी की होगी।