नए साल पर होगी सारनाथ में अभूतपूर्व सुरक्षा, हिडन कैमरे से हो रही निगहबानी
अंतराष्ट्रीय पर्यटन स्थल सारनाथ में नए साल के पहले दिन स्थानीय सहित विदेशी पर्यटकों की खासी भीड़ रहती है। पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम कि गए हैं। अप्रिय घटना को रोकने व अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने पर्यटक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर हिडेन कैमरे लगाए गए हैं।
इस संबंध में सारनाथ थानाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के मॉनिटरों पर सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक पुलिसकर्मी नजर रखे रहेंगे। महिलाओं की विशेष सुरक्षा के लिए सादे वेश में महिला पुलिसकर्मी व उपनिरीक्षक तैनात रहेंगे। ये पुलिसकर्मी पुरातात्विक उत्खनित स्थल, चौखंडी स्तूप, मुलगंधकुटी बौद्ध मंदिर परिसर, डियर पार्क में भ्रमण करते रहेंगे। आशापुर चौराहा, हवेलिया चौराहा, पुरातात्विक संग्रहालय व सारनाथ चौराहा पर वर्दीधारी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की जाएगी। वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने के लिए रिंग रोड पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बताया कि उपनिरीक्षक धर्मराज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस का एन्टीरोमियो ग्रुप भी पर्यटन स्थलों पर भ्रमण करता रहेगा।
इन जगहों पर रहेगी पर्यटकों की भीड़
पुराने साल के अंतिम दिन व नए साल के पहले दिन सारनाथ के चौखंडी स्तूप, पुरातात्विक उत्खनित स्थल परिसर, डियर पार्क, मुलगंधकुटी मंदिर परिसर, वन विभाग के पार्क व डियर पार्क में पर्यटकों की भारी भीड़ होती है। पर्यटक पुराने साल की विदाई के साथ नए साल पर एक दूसरे को बधाई देकर सैलिब्रेट करते हैं।
साल के अंतिम दिन रही सामान्य भीड़
कड़ाके की ठंड की वजह से पुराने साल के अंतिम दिन मंगलवार को पर्यटकों की भीड़ सामान्य रही। पुरातात्विक उत्खनित परिसर, मुलगंधकुटी बौद्ध मंदिर, थाई बौद्ध मंदिर में दोपहर बाद पर्यटकों भीड़ में बढ़ोत्तरी हुई। लेकिन शाम होते ही पर्यटकों में कमी हो गई। केवल स्थानीय पर्यटक ही भ्रमण करते हुए दिखे।