पिकअप के धक्के से युवक की मौत, शव को दो किलोमीटर तक घसीटता रहा पिकअप चालक
शुक्रवार की भोर में लगभग 4:30 बजे आकाशवाणी तिराहा के पास बाइक सवार तीन युवकों को पिकअप से टक्कर लग गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक वाहन लेकर भागने के फिराक में युवक को लगभग दो किलोमीटर तक घसीटता रहा जिससे युवक का तड़प-तड़प कर मौत हो गई। क्षेत्रीय लोगों ने घेराबंदी कर चालक को पकड़कर मौके पर मौजूद पुलिस की हिरासत में दे दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार हनुमानपुर, मुगलसराय (चंदौली) निवासी राजभूषण उर्फ चंदन (26) सारनाथ चौराहा के समीप स्थित एक लान में अपने मामा मोहनराम की बेटी उषा रानी की शादी में शामिल होने के लिए आया था। सुबह वह अपने दो रिश्ते के भाइयों अमित व वंशराज उर्फ बेचू के साथ मोटरसाइकिल से मुगलसराय स्थित अपने घर जा रहा था। मोटरसाइकिल उसका मौसेरा भाई अमित चला रहा था। इस बीच आशापुर चौराहे की तरफ से आलू लादा हुआ पिकअप तेज रफ्तार से आ रहा था।
आकाशवाणी तिराहे पर पिकअप चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दौरान राजभूषण पिकअप में फंसकर घिसटाते हुए लगभग दो किलोमीटर तक जाता रहा। इस दौरान उसकी मौत हो गई। अमित (21) व वंशराज (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, दुर्घटना होने के बाद पिकअप चालक राकेश यादव वाहन लेकर भागने लगा। टक्कर के दौरान राजभूषण का शव पिकअप में फंस गया। बड़े भाई बृजभूषण ने शोर मचाते हुए मोटरसाइकिल से पीछा किया। बृजभूषण ने बताया कि पिकअप की स्पीड 90 व 100 से कम नहीं हो रही थी।
यदि चालक मौके पर ही पिकअप रोक देता तो मेरे भाई का जान नहीं जाती। गोला बाजार (सिंहपुर) में घेराबंदी कर स्थानीय लोगों ने पिकअप सहित चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मृतक राजभूषण चंदौली स्थित एक आईटीआई कालेज में पढ़ाई करता था।
चालक राकेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक राजभूषण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विजय बहादुर, सारनाथ थाना प्रभारी