फ्लाइट देहरादून के लिए उड़ान भरने को थी तैयार, तभी चूहे ने लगा दी रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को वाराणसी से देहरादून जाने वाले एयर इंडिया के विमान के उड़ान भरने पर रोक किसी तकनीकी खराबी की वजह से चूहे की वजह से लगी थी। चूहे की वजह से लगी रोक का खामियाजा विमान के 118 यात्रियों को उठाना पड़ा और सभी को मजबूरन एक होटल में ठहरना पड़ा था। देर रात तक विमान में से चूहे को निकालने की कोशिश की गई, पर जब चूहा निकालने में सफलता नहीं मिली तो विमान को एयरपोर्ट पर ग्राउंड कर दिया गया।
दरअसल, एयर इंडिया का विमान एआई 691 कोलकाता एयरपोर्ट से 3: 55 बजे उड़ान भरकर वाराणसी एयरपोर्ट पर 5:20 बजे पहुंचता है, फिर वही विमान वाराणसी एयरपोर्ट से 6 बजे शाम को उड़ान भरकर देहरादून 7:40 बजे पहुंचता है। हालांकि शनिवार को विमान विलंबित होने के कारण कोलकाता एयरपोर्ट से 5: 21 बजे उड़ान भरकर देर रात वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा था।
लेकिन शनिवार को विमान वाराणसी से देहरादून जाने के लिए उड़ने ही वाला था कि विमान में सवार एक क्रू मेंबर ने एक चूहा देखा तो उसने तत्काल पायलट को इसकी सूचना दी। पायलट ने तत्काल एटीसी से संपर्क कर विमान को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया। बाद में सभी यात्रियों को एक होटल में ठहराया गया और विमान से चूहे को निकालने के लिए दवा का छिड़काव किया गया।
हालांकि चूहा नहीं मिला फिर भी यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली से इंजीनियर भी आए और विमान की पूरी जांच पड़ताल की गई। लेकिन चूहा कही नही मिला, अंत में विमान ने रविवार रात आठ बजे यात्रियों को लेकर देहरादून के लिए उड़ान भरी।
एयर इंडिया के स्थानीय स्टेशन मैनेजर ने बताया कि पहले विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी, पर बाद में पता चला कि एक क्रू मेंबर ने विमान में चूहे को देखा, दवा का छिड़काव किया गया, लेकिन चूहा नही मिला। यात्रियों की सुरक्षा के लिए विमान को रोक दिया गया था और सबकुछ ठीक होने के बाद रविवार रात में विमान को देहरादून के लिए रवाना किया गया।