टर्मिनल भवन: बारिश से निर्माण कार्य में रुकावट, पंप से पानी निकाल तेज काम करा रहा एनएचएआई; जुटाए जा रहे वर्कर
बारिश से निर्माण कार्य प्रभावित होने के बावजूद एनएचएआई ने मोटर पंप से पानी निकालकर काम तेज कर दिया है। टनल रनवे, मल्टी लेवल कार पार्किंग और नए टर्मिनल भवन का निर्माण जारी है। बारिश के बीच अंदरूनी काम पूरा कराने के लिए अतिरिक्त वर्करों को लगाया जा रहा है।
विस्तार
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चल रहे टनल रनवे, मल्टी लेवल कार पार्किंग और न्यू टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण कार्य पर रुक-रुककर हो रही बारिश का असर पड़ रहा है। बारिश के बाद निर्माण स्थल पर पानी जमा होने से कुछ काम प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, निर्माण एजेंसियों की ओर से मोटर पंप लगाकर पानी को तेजी से बाहर निकाला जा रहा है, ताकि काम की रफ्तार प्रभावित न हो।
बारिश के दौरान खुले स्थानों पर निर्माण कार्य में आ रही दिक्कत को देखते हुए वर्करों को बिल्डिंग के अंदर के कार्यों में लगाया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान भी निर्माण कार्य लगातार जारी रहता है। फिलहाल न्यू टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर के निर्माण कार्य पर अधिक जोर दिया जा रहा है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि बारिश होने पर निर्माण स्थल पर पानी इकट्ठा हो रहा है। पानी की निकासी के लिए मोटर पंप लगाए गए हैं, जिनसे पानी को तेजी से बाहर निकाला जा रहा है। इसके बाद संबंधित स्थानों पर निर्माण कार्य दोबारा गति पकड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए बारिश के दौरान भी उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जा रहा है। खुले स्थानों पर काम प्रभावित होने की स्थिति में वर्करों को बिल्डिंग के अंदर के कार्यों में लगाया जा रहा है।
इस समय अंदर के निर्माण कार्य पर ज्यादा काम किया जा रहा है, जिससे बारिश के कारण परियोजना की गति पर कम से कम असर पड़े। एयरपोर्ट पर भविष्य की यात्री सुविधाओं और संचालन क्षमता बढ़ाने के लिए एक साथ कई बड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं। ऐसे में निर्माण एजेंसियां बारिश के कारण होने वाली बाधाओं को तत्काल दूर कर काम की गति बनाए रखने में जुटी हैं।