UP: बलिया में तापमान 40 डिग्री...पिछले साल से 3.5 ज्यादा, धूप-लू से इमरजेंसी में बढ़े मरीज; सांस की तकलीफ
UP Weather: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सूरज की तपन जारी है। दिन चढ़ने के बाद लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। गंगा घाटों और पार्कों में सन्नाटा देखा रहा है। बलिया में माैसम विभाग ने भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
Ballia News: बलिया जनपद में पिछले साल से ज्यादा गर्मी इस बार पड़ रही है। पारा 40 तक पहुंच चुका है, जबकि पिछले साल 16 फरवरी को पारा 36.5 डिग्री सेल्सियस था। सुबह दस बजे के बाद तीखी धूप के बीच पछुआ हवा चलने से लोगों को लू (हीट वेव) के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है। इससे अस्पताल में रोगियों की संख्या बढ़ी है।
बृहस्पतिवार को ओपीडी के अलावा इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही। 24 घंटा में 148 मरीज उल्टी, दस्त, सांस की तकलीफ, बुखार की समस्या वाले पहुंचे। चिकित्सक ने इलाज के बाद 124 को भर्ती कर लिया अन्य को राहत मिलने पर घर को छुट्टी कर दी।
ओपीडी में वायरल संक्रमण के अलावा पेट दर्द, सांस की परेशानी व खांसी के मरीज इलाज कराने पहुंचे। शाम होते-होते इमरजेंसी व मेडिकल वार्ड फुल हो गया। फिजिशियन डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि मौसम को देखते हुए दोपहर में निकलने से बचे, जरूर हो तो पूरा कपड़ा पहन कर निकले। पानी पीते रहे। किसी भी परेशानी होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराये।
सूरज की तपन ने किया परेशान
बड़ागांव निवासी रमेश यादव के घर पर मांगलिक कार्यक्रम होने के कारण धूप में बाजार सहित अन्य काम करने के कारण उल्टी होने लगी, परिजनों ने गांव के डाक्टर को दिखाया, उसने इंजेक्सन व पानी चढ़ाने के बाद भी राहत न मिलने पर 11 बजे रात को अस्पताल में भर्ती कराया।
दुबहड़ निवासी उमाशंकर धूप में कटिया करने के कारण लू लगने से तेज बुखार व सांस फूलने लगी। परिजन अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। चिलकहर निवासी संतोष कुमार धूप में घर लौटने के बाद आराम करने लगे, शाम को तबीयत खराब होने पर राहत मिलने पर इमरजेंसी में इलाज कराने पहुंचे।
गर्मी में इजाफा हुआ है। उल्टी दस्त पेट दर्द केे मरीज बढ़े है। अस्पताल में पर्याप्त संसाधन व दवाएं मौजूद है। इमरजेंसी व मेडिकल वार्ड को एसी लगा दिया गया है। इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा दिया जा रहा है। - डाॅ. सुजीत कुमार यादव, सीएमएस, जिला अस्पताल