सोशल मीडिया ने मिलाया: तेलंगाना से बनारस आई वृद्ध महिला एयरपोर्ट से भटकी, सीआईएसफ और पूर्व प्रधान की मदद आई काम
तेलंगाना से वृद्ध महिला अपनी भांजी के साथ काशी भ्रमण के लिए आई थी। वह देर रात एयरपोर्ट पहुंची, जहां से वह भटक कर कहीं बाजार पहुंच गई।
विस्तार
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को अपनी भांजी के साथ काशी भ्रमण के लिए पहुंची वृद्ध महिला बुधवार की सुबह भटक कर पास के ही बाजार में चली गई। वृद्ध महिला को बाजार में देख पूर्व प्रधान और स्थानीय एक दुकानदार ने उससे जानकारी लेनी चाही। लेकिन भाषा न समझने की वजह से उन्होंने वृद्धा की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाल दी।
जिसे एयरपोर्ट पर मौजूद सीआईएसएफ के अधिकारियों ने देखा और तत्काल इस पर स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। जिसके बाद वृद्धा को उसकी भांजी से मिलाया गया। इस पर दोनों ने अधिकारियों व पूर्व प्रधान को धन्यवाद दिया।
एयरपोर्ट पर मंगलवार की रात गो एयरवेज के अंतिम विमान से दिल्ली से वाराणसी एयरपोर्ट पर तेलंगाना के भद्राचलम खम्माम की रहने वाली महिला ईमानी साविथ्री देवी(60) अपनी भांजी कनक दुर्गा पुल्लिला(27) के साथ पहुंची थी। जहां देर रात हो जाने से दोनों एयरपोर्ट पर ही रुक गईं। बुधवार सुबह दोनों महिला टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर स्थित शौचालय गई। जहां ईमानी साविथ्री देवी भटक कर पास के कुआर बाजार में पहुंच गई।
वहां मौजूद पूर्व ग्राम प्रधान संजय जायसवाल और दुकानदार राकेश जायसवाल ने महिला से जानकारी मांगी लेकिन महिला तेलंगाना की होने की वजह भाषा समझ ना सकी। जिसके बाद पूर्व प्रधान ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। इधर एयरपोर्ट पर महिला के गुम हाने की सूचना पर सीआईएसएफ के अधिकारी और चौकी प्रभारी सहित पुलिस भी महिला को ढूंढने में लगी रही।
इस दौरान उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से महिला की जानकारी हुई और सीआईएसएफ अधिकारियों ने संपर्क कर स्थानीय चौकी प्रभारी से संपर्क किया। साथी महिला को अवगत कराते हुए उसे बाजार में लेजाकर बिछड़ी भांजी से मिलवाया। इसके बाद महिला ने सीआईएसएफ अधिकारी, पुलिस सहित पूर्व प्रधान और दुकानदार का धन्यवाद किया।