UP: किशोर की हत्या, 50 हजार के इनामी को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार; बाइक की हैंडल छू जाने पर की थी पिटाई
Varanasi Crime: बड़ागांव थाने में चार माह पूर्व किशोर की हत्या और युवक पर जानलेवा हमले में वांछित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके ऊपर 50 हजार का इनाम रखा गया था। पिछले तीन महीने से वह फरार चल रहा था।
विस्तार
Varanasi Crime: बड़ागांव थाना क्षेत्र में किशोर समीर सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में वांछित 50 हजार के इनामी दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान को एसटीएफ ने बुधवार को जमुनीपुर, चोलापुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी चौबेपुर थाना क्षेत्र के पलकहा का निवासी है।
एसटीएफ वाराणसी इकाई के डिप्टी एसपी शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि फील्ड इकाई के निरीक्षक अमित श्रीवास्तव को सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित 50 हजार इनामी दीपक यादव उर्फ कन्हैया किसी घटना के सिलसिले में चोलापुर के जमुनीपुर में मौजूद है।
पुलिस ने की कार्रवाई
टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने एसटीएफ को बताया कि 25 दिसंबर 2025 की शाम अभिषेक यादव निवासी इंदरपुर, बड़ागांव अपने गांव के ही साथी रामू यादव के साथ बाइक से जा रहे थे। दयालपुर के पास 6-7 लोग खड़े थे। उनके पास से गुजरते समय अभिषेक यादव की मोटरसाइकिल का हैंडल खड़े लोगों से छू गया, जिसको लेकर सभी 6-7 लोग अभिषेक यादव व रामू यादव की पिटाई करने लगे।
इसी दौरान उनमें से एक युवक ने रामू यादव को गोली मार दी। घायल को छोड़कर सभी भागने लगे। तभी भीड़ में रसूलपुर का समीर सिंह भी सामने पड़ गया। विरोध करने पर उसे गोली मारी गई। बाद में उपचार के दौरान समीर सिंह की मौत हो गई।
डिप्टी एसपी शैलेश सिंह ने बताया कि इस मामले में छह आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान पर 50,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान काफी मनबढ़ किस्म का अपराधी है। इसके खिलाफ मारपीट के दो प्राथमिकी चौबेपुर थाने में दर्ज हैं।