मंदिर के पास पोखरे में मिला छात्र का शव, किशोरी पर हत्या का मुकदमा
वाराणसी के कंदवा क्षेत्र के कर्दमेश्वर मंदिर स्थित पोखरे में शुक्रवार को 15 वर्षीय छात्र का निर्वस्त्र शव उतराया देख कर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर की मदद से शव को बाहर निकलवाया। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने छात्र की हत्या का आरोप लगाया। मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर एक किशोरी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत आनंद नगर निवासी एक फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर मनोज कुमार शर्मा के एक बेटी और एक बेटे में बड़ा आदर्श शर्मा (15) कक्षा नौ का छात्र था। परिजनों ने बताया कि आदर्श रोजाना डीरेका ग्राउंड पर सुबह या शाम के समय खेलने जाता था।
बृहस्पतिवार की शाम एक लड़की का फोन आया था तो आदर्श अपनी मां से डीरेका ग्राउंड जाने की बात कह कर निकला और फिर वापस नहीं आया। आदर्श की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा।
शुक्रवार की सुबह लोगों ने कंदवा पोखरे में किशोर का शव उतराया देख कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोर से शव को बाहर निकलवाया तो शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। आदर्श का हाफ पैंट, बनियान व चप्पल पोखरे की सीढ़ी पर पड़ा था। उधर, आदर्श की खोजबीन कर रहे परिजन पुलिस की सूचना पर बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त किए।
थानाध्यक्ष मंडुवाडीह महेंद्र राम प्रजापति ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।