यूपी: देर से स्कूल पहुंचने पर छात्र की लाठी-डंडे से पिटाई का आरोप, जातिसूचक शब्द भी बोले; आरोपी ने दी सफाई
देर से स्कूल पहुंचने पर कक्षा दस के छात्र की लाठी-डंडे से पिटाई का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। छात्र ने शिक्षक पर गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है। वहीं, आरोपी शिक्षक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने छात्र को केवल डांटा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के बापू इंटर कॉलेज में बुधवार को कक्षा दस के छात्र ने शिक्षक पर लाठी-डंडे से पिटाई करने और गाली-गलौज का आरोप लगाया। छात्र के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी शिक्षक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए छात्र को केवल डांटने की बात कही है।
सादात थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी लालबहादुर का पुत्र अभय कुमार (17) बापू इंटर कॉलेज में कक्षा दस का छात्र है। अभय के अनुसार, बुधवार को वह दो अन्य छात्रों के साथ विद्यालय पहुंचने में देर हो गई। तीनों ने अध्यापक से कक्षा में प्रवेश की अनुमति मांगी। आरोप है कि शिक्षक विजय कुमार यादव नाराज हो गए।
दोनों छात्र वहां से भाग गए, जबकि अभय को पकड़ लिया गया। छात्र का आरोप है कि शिक्षक ने लाठी-डंडे से उसकी पिटाई की और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। एक अन्य शिक्षक पर हाथ पकड़ने का भी आरोप लगाया है।
छात्र की मां मीरा देवी ने बताया कि उनके पति गुजरात में रहते हैं और अभय उनका इकलौता बेटा है। वह स्वभाव से सीधा है। घटना को लेकर वह काफी चिंतित हैं। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आरोप निराधार, केवल डांटा था : शिक्षक
आरोपी शिक्षक विजय कुमार यादव ने छात्र की पिटाई और अन्य आरोपों को निराधार व बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि छात्र अनावश्यक रूप से मैदान में घूम रहा था। अनुशासन बनाए रखने के लिए उसे केवल डांटा गया था।